पेसा नियमावली कैबिनेट से पारित होने पर गिरिडीह में जश्न

गिरिडीह : झारखंड सरकार द्वारा 23 दिसंबर को कैबिनेट में पेसा नियमावली पारित किए जाने से गिरिडीह में शुक्रवार को उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झामुमो की ओर से आभार यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनकी सरकार को धन्यवाद दिया गया। झामुमो जिला कार्यालय में मिठाई बांटी गई, जिसके बाद ढोल-नगाड़ों, झंडा-बैनर के साथ टावर चौक तक आभार यात्रा निकाली गई।
जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी स्वशासन की वर्षों पुरानी मांग हेमंत सोरेन सरकार ने पूरी की है। झारखंड राज्य गठन के 25 वर्षों बाद यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि पेसा कानून लागू होने से ग्राम सभा सशक्त होगी और योजनाओं के चयन व क्रियान्वयन में उसकी निर्णायक भूमिका होगी।
जिला सचिव महालाल सोरेन ने जल, जंगल और जमीन के अधिकार सुरक्षित होने की बात कही। वहीं नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर व जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने इसे गांव और राज्य की मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।


