एसडीओ रिया सिंह के नेतृत्व में शहर में स्वच्छता अभियान को मिली नई दिशा

कोडरमा: झुमरीतिलैया शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान को नई रफ्तार दी है। शहर के 28 वार्डों में चल रहे इस अभियान को एसडीओ रिया सिंह के नेतृत्व में और भी प्रभावी बनाया गया है। उनके निर्देशन में चित्रगुप्त नगर से हाउस-टू-हाउस कचरा लेने की प्रक्रिया की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य आने वाले दिसंबर माह तक 27 हज़ार घरों को इस व्यवस्था से जोड़ना है।
शुरुआत दमदार है और लोगों में स्वच्छता को लेकर नया उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर प्रशासक अंकित गुप्ता ने जानकारी दी कि एसडीओ रिया सिंह के नेतृत्व में पानी टंकी रोड, ब्लॉक रोड और चित्रगुप्त नगर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। कचड़ा लाने वाले सभी टिपर वाहनों में कचरा निकालिए की ध्वनि वाला छोटा चोंगा लगाया गया है। वाहन जैसे ही मोहल्लों में पहुँचेंगे, नागरिकों को इस ध्वनि से कचरा उपलब्ध कराने का संकेत मिलेगा। अंकित गुप्ता ने बताया कि सभी कचरा वाहनों में जीपीएस लगा दिया गया है जिसकी निगरानी नगर परिषद के बड़े टीवी स्क्रीन पर की जा रही है। इससे यह पता चलता रहेगा कि कौन-सा वाहन कहाँ है और किस क्षेत्र से कचरा उठाया जा रहा है।
नगर परिषद का दावा है कि शहर में प्रतिदिन 28 से 32 टन कूड़ा उठाया जा रहा है। शहर को ‘ग्रीन तिलैया क्लीन तिलैया ’ बनाने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इधर कार्यक्रम में सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार, रंधीर वर्मा, सफाई निरीक्षक राजू राम सहित कई कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की।


