Koderma News: जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने दो टीबी मरीजों को लिया गोद

कोडरमा: टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना के तहत जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने वर्ष 2024 की भांति एक बार फिर निक्षय मित्र बनकर दो टीबी मरीजों को गोद लिया तथा उन्हें फूड बास्केट प्रदान की। इस अवसर पर डॉ. रमण कुमार ने मरीजों एवं उनके परिजनों को नियमित रूप से दवाओं का सेवन करने, पौष्टिक आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मरीजों की उपचार अवधि के दौरान उनके द्वारा प्रतिमाह पोषण किट उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. रमण कुमार ने कहा कि टीबी पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उपचार के दौरान पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को टीबी मरीजों की सहायता से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आम नागरिकों एवं अन्य संस्थानों से अपील की कि वे टीबी मुक्त भारत ऐप के माध्यम से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग किसी मरीज के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।
डॉ. रमण कुमार ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना समाज और टीबी मरीजों के बीच सहयोग का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इसके माध्यम से मरीजों को पौष्टिक खाद्य सामग्री के साथ-साथ सामाजिक सहयोग भी प्राप्त होता है, जिससे उपचार के बेहतर परिणाम सामने आते हैं। फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम के दौरान अखिलेश कुमार, दिपेश कुमार, सालिक जफर, आदित्य कुमार, मुकेश कुमार, प्रतिभा नारायण एवं वन्दना सिंह उपस्थित रहे।


