Ranchi News: एम.एम.के. हाई स्कूल में रंगोली एवं दीपक उत्सव का भव्य आयोजन

रांची: एम.एम.के. हाई स्कूल में शनिवार को रंगोली एवं दीपक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनियों और सजीव रंगोलियों से जगमगा उठा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में विभिन्न आकृतियों एवं थीम पर सुंदर रंगोलियां बनाईं, जिनमें “हर घर दीप जले”, “स्वच्छ भारत”, और “पर्यावरण संरक्षण” जैसे संदेशों को प्रमुखता दी गई। दीपोत्सव में विद्यार्थियों ने मिट्टी के दीपक जलाकर प्रकाश और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तनवीर अहमद ने विद्यार्थियों के उत्साह और सृजनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि “इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और सौहार्द का भाव मजबूत करते हैं।” कार्यक्रम में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विद्यालय परिसर को दीपमालाओं से सजाया।


