श्री डोरंडा बाजार काली पूजा समिति: अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर की थीम पर करवा रही है पंडाल का निर्माण

रांची में काली पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। श्री डोरंडा बाजार काली पूजा समिति अपने 75वें वर्ष पर अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल बना रही है, जिसकी ऊंचाई 90 फीट और चौड़ाई 100 फीट होगी। करीब 250 कारीगर तीन शिफ्ट में निर्माण कार्य में जुटे हैं। 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस आयोजन में 23 फीट ऊंची मां काली की मूर्ति स्थापित की जाएगी। पूजा 20 अक्टूबर से शुरू होगी और 25 अक्टूबर को विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

रांची: काली पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के अलग-अलग स्थानों पर पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसी क्रम में श्री डोरंडा बाजार काली पूजा समिति इस वर्ष स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर भव्य काली पूजा का आयोजन कर रही है। समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष का पंडाल अमेरिका के स्वामी नारायण मंदिर की थीम पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई 90 फीट और चौड़ाई 100 फीट होगी। इसके निर्माण में बंगाल से आए लगभग 250 कारीगर जुटे हुए हैं। कारीगर तीन शिफ्ट में काम कर रहे हैं। पूजा और पंडाल निर्माण में लगभग 50 लाख रुपये लगेंगे, जिसमें से 25 लाख रुपये केवल पंडाल निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। 23 फीट ऊंची मां काली की मूर्ति तैयार की गई है, जिसकी लागत एक लाख रुपये है।

प्रदीप पांडे ने बताया कि पंडाल को कोलकाता के चंदननगर से लाई गई लाइटों से सजाया जाएगा,जो इसे और भी आकर्षक बनाएंगी। मेला परिसर में विभिन्न प्रकार के झूले और फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने बताया कि पूजा का शुभारंभ 20 अक्टूबर को होगा। पांच पंडितों विधिवत पूजा कर पंडाल का उद्घाटन करेंगे। पंडाल की भव्यता के कारण यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रतिदिन मां को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। भोग में खिचड़ी, सब्जी, चटनी और पांच प्रकार के भाजा शामिल होंगे। भोग वितरण के लिए 10 हजार मिट्टी के बर्तन और एक लाख दोने मंगाए गए हैं। 25 अक्टूबर को विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More