Giridih News : सोनबाद में रास्ता घेरने से कई दलित परिवारों की बढ़ी परेशानी, आंदोलन की चेतावनी

गिरिडीह : बेंगाबाद प्रखंड के सोनबाद तुरी टोला में कई पीढ़ियों से मुख्य सड़क तक आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को स्थानीय कुछ लोगों द्वारा अपनी जमीन बताकर घेर लिए जाने से कई दलित परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। रास्ता बंद होने से इन परिवारों के लिए घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि रास्ता घेर लिए जाने के कारण वे अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं।
बुधवार को पीड़ित परिवारों ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेताओं की अगुवाई में बेंगाबाद पहुंचकर अंचल अधिकारी से मुलाकात की और रास्ता बहाल कराने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा। पीड़ित परिवारों ने चेतावनी दी कि यदि रास्ता नहीं खोला गया, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मामले में पीड़ितों की अगुवाई कर रहे ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल तथा राजेंद्र मंडल ने बताया कि सोनबाद के दलित परिवारों सहित आम लोग कई पीढ़ियों से इस रास्ते का उपयोग करते आ रहे हैं। ऐसे रास्ते को घेरकर लोगों के घरों से निकलने का रास्ता तक बंद कर देना गलत है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन पीड़ित दलित परिवारों सहित आम लोगों के साथ खड़ा है।
नेताओं ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रास्ता खुलवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दलित परिवारों को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से यह लड़ाई जारी रहेगी।
मौके पर फॉरवर्ड ब्लॉक नेता शिवनंदन यादव, राजेंद्र मंडल, रामलाल मंडल सहित दुखी तुरी, दुलारचंद तुरी, चिंता कुमारी, पुष्पा कुमारी, मैना देवी, सकुन देवी, गौरी कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


