एक भारत श्रेष्ठ भारत राष्ट्रीय शिविर के पांचवें दिन उज्जवल आनंद के मोटिवेशनल स्पीच से गूंजा परिसर

कोडरमा: सैनिक स्कूल तिलैया में 601 कैडेट्स ने लिया हिस्सा, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और नेतृत्व का मिला संदेश सैनिक स्कूल तिलैया के प्रांगण में आयोजित “एक भारत श्रेष्ठ भारत – 1/25 बिहार एवं झारखंड निदेशालय” के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का एनसीसी शिविर का संचालन ग्रुप हेडक्वार्टर हजारीबाग के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एस. गोपीकृष्णन (सेना मेडल) के मार्गदर्शन में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार (सेना मेडल) के कुशल नेतृत्व में किया गया।
इस शिविर में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार एवं झारखंड से आए कुल 601 एनसीसी कैडेटस की सुबह की शुरुआत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ब्रह्माकुमारी जूली बहन एवं ब्रह्माकुमारी गायत्री बहन द्वारा ध्यान सत्र से हुई । जिसमें कैडेट्स को आंतरिक शक्ति, सकारात्मक सोच और आत्म-संयम के माध्यम से जीवन में सफलता प्राप्त करने का मार्ग बताया गया। उन्होंने कहा कि हर दिन श्रेष्ठ बनकर जिया जाए, तो भविष्य स्वयं श्रेष्ठ बनता है।
शिविर के एक प्रमुख आकर्षण के रूप में सीनियर डिवीजन पर्सनल अधिकारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल, रेलवे, उज्जवल आनंद द्वारा दी गई प्रेरणादायक भाषण ने सभी कैडेट्स को अत्यंत प्रेरित किया। उन्होंने जीवन में उद्देश्य, जिम्मेदारी और मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा की शक्ति प्राप्त करने के लिए पसीना, त्याग और समय देना होता है। अगर लड़ाई सत्य और असत्य के बीच हो तो सत्य की शक्ति सदैव विजयी होती है। उनकी बातें न केवल युवाओं को प्रेरणा देने वाली थीं, बल्कि उन्होंने सोचने का एक नया दृष्टिकोण भी दिया।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार ने उज्जवल आनंद और उनकी टीम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के अधिकारी लुई मिंज के नेतृत्व में गर्ल्स कैडेट्स को केटीपीएस शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के संचालन की बागडोर थर्ड ऑफिसर नवीन चौधरी ने संभाली, जबकि नोडल ऑफिसर लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने समस्त गतिविधियों का उत्कृष्ट समन्वय और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा की यह शिविर केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक संगठित प्रयास है। देशभर से आए 10 एनसीसी ऑफिसर्स और 4 महिला कैडेट प्रशिक्षकों की देखरेख में कैडेट्स द्वारा ग्रुप डांस और ग्रुप सॉन्ग की तैयारी की जा रही है, जो सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कई अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें सु. वे. मेजर अरविंद कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह, सूबेदार ए. ठाकुर, चंद्रहास, रविंद्र हेंब्रम, चंपा मुरमुर, जतरू तिर्की, नायब सूबेदार घसीटाराम मेना (मेडल), हवलदार अजीत कुमार, विकास कुमार सिंह, रितेश कुमार, जगन्ना टोपो, दीपक कुमार महतो, प्रधान सहायक राजेश कुमार, सहायकगण रणधीर कुमार, सिद्धार्थ कुमार, राम उचित कुमार, सोहित कुमार सिंह प्रमुख हैं।


