सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शिक्षण गुणवत्ता पर जोर, आचार्यों को दिया प्रशिक्षण

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शिक्षण गुणवत्ता पर चर्चा
विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार ने पंचपदी शिक्षण पद्धति को बताया प्रभावी शिक्षा का आधार

गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित वंदना सत्र में विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वप्रथम प्रधानाचार्य आनंद कमल, प्रवासी कार्यकर्ता सलमान होजाई एवं विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन किया। इसके बाद सभी आचार्य बंधुओं एवं दीदी जी के साथ सामूहिक वंदना हुई। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने मुख्य अतिथि का आत्मीय परिचय कराया।

अपने उद्बोधन में विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार ने कहा कि संगठन में किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संगठन का महत्व है। हम सभी आत्मीय भाव से संगठन से जुड़े हैं और इसी भाव से व्यक्ति का महत्व है। उन्होंने कहा कि सभी आचार्य-दीदी जी को पंचपदी शिक्षण पद्धति को आधार मानकर भैया-बहनों को पढ़ाना चाहिए। इसके पांच सोपान अधीति, बोध, अभ्यास, प्रयोग एवं प्रसार हैं, जिनके माध्यम से शिक्षा को स्थायी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

इसी क्रम में आचार्य राजीव सिन्हा ने सभी आचार्य-दीदी जी को पाठ योजना पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। वहीं, नलिन आचार्य, विकास आचार्य तथा राजेश नंदन आचार्य ने प्रभावी पीपीटी निर्माण के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं भैया-बहनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने को लेकर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More