Sahibganj News: आधी रात गूंजा ‘नंद घर आनंद भयो’, कृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

साहिबगंज: जिलेभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर जिले के कृष्ण मंदिरों, शिवालयों और घरों में विशेष सजावट की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। बड़हरवा, राजमहल, साहिबगंज शहर, तीनपहाड़, तालझारी और बरहेट समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने घरों में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाईं। श्रद्धालुओं ने लड्डू गोपाल को झूले पर विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। मोरपंख, बांसुरी, भगवान के वस्त्र, मुकुट, झूला और फूल-मालाओं समेत पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने दिनभर उपवास रखा। रात 12 बजते ही मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का विशेष पूजन शुरू हुआ। इस दौरान ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मंदिरों में पुजारियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पंचामृत—दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से स्नान कराया। इसके बाद उन्हें नए वस्त्र धारण कराए गए और माखन-मिश्री का भोग लगाया गया। जन्मोत्सव के बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
राजमहल के राधा-कृष्ण मंदिर, बरहरवा मुख्य बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर और साहिबगंज स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-मंजीरे की थाप और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
कई स्थानों पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों और प्रमुख पूजा स्थलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर नजर बनाए हुए थे।


