Lohardaga News: EMRS स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 का भव्य शुभारंभ, 5 जिलों के 400 से अधिक छात्र ले रहे हिस्सा

30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे छात्र-छात्राएं
लोहरदगा: एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 के तहत तीन दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कुडू प्रखंड के चिरी स्थित डायट के समीप मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता 30 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।

इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, कुजरा, लोहरदगा द्वारा की जा रही है। प्रतियोगिता में लोहरदगा, लातेहार, गुमला, गढ़वा और पलामू जिलों के कुल 11 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आदिवासी बहुल राज्य के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ये सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास में एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों के आयोजन से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उसे विकसित करने के प्रयास के तहत ही यह स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जा रही है।
टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील
उपायुक्त ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम विजेता बनेगी, लेकिन हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भागीदारी है।
उन्होंने कहा कि अपने-अपने विद्यालयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ही इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिला है। प्रतियोगिता स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ होनी चाहिए। टीम भावना का विकास विद्यार्थियों के भविष्य और करियर में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उपायुक्त ने कहा कि स्कूल एवं कॉलेज के दौरान एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज से प्राप्त अनुभव और सीख जीवनभर उपयोगी रहती है।
EMRS परिवार की तरह, नए रिश्ते और दोस्ती बनाएं
संदीप कुमार मीना ने कहा कि सभी प्रतिभागी एक ही मॉडल के आवासीय विद्यालयों से जुड़े हैं, इसलिए उनके बीच विशेष संबंध है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थी खेल के साथ-साथ एक-दूसरे से भी बहुत कुछ सीखेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों में से कोई बेहतर खिलाड़ी बनकर भविष्य में जिला, राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे देश का भविष्य हैं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होंगे।
उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों से प्रतियोगिता में अपना शत-प्रतिशत देने और तीन दिवसीय आयोजन का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अलग-अलग विद्यालयों से आए प्रतिभागियों को एक-दूसरे से मिलने और नए दोस्त बनाने का अवसर मिला है। आयोजन से लौटते समय सभी के पास नए दोस्तों के नाम और नई सीख होनी चाहिए। एक-दूसरे के अनुभवों से सीखना भी इस आयोजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि EMRS एक परिवार की तरह है और इस भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
इन खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता
EMRS स्पोर्ट्स एंड गेम्स मीट 2026-27 के तहत विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें दौड़, रिले दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, शतरंज, योगा, पैदल चाल, ट्रिपल जंप, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल शामिल हैं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक ITDA सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सीमा लकड़ा, मेजबान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृता मिश्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


