Bokaro News: असुरक्षित आवासों की मरम्मत पर विवाद के बीच BSL ने जारी की अपील, जानें क्या कहा

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने सेक्टर-12 के असुरक्षित घोषित आवासों में रह रहे वैध आवासधारियों से जल्द से जल्द वैकल्पिक आवंटित आवासों में शिफ्ट होने की अपील की है। BSL प्रबंधन ने कहा है कि आवासधारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित आवासों को खाली कराने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, क्षतिग्रस्त आवासों की मरम्मत की मांग को लेकर आवास बचाओ समिति की ओर से BSL के ईडी (एचआर) राजश्री बनर्जी के आवास का घेराव किया गया था। इसके बाद BSL प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर असुरक्षित आवासों की स्थिति और वैकल्पिक आवास आवंटन की जानकारी दी।
NIT पटना के विशेषज्ञों ने किया था स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे
BSL प्रबंधन के अनुसार, लगभग दो वर्ष पहले NIT पटना के विशेषज्ञों से बोकारो टाउनशिप के कुछ आवासों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद सेक्टर-12 के 149 ब्लॉक्स में 1,242 आवासों को असुरक्षित घोषित किया गया।
प्रबंधन का कहना है कि इन आवासों की स्थिति ऐसी है कि केवल नियमित मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसी वजह से इन्हें खाली कराने का निर्णय लिया गया है।
वैध आवासधारियों को दिए गए वैकल्पिक आवास
BSL के मुताबिक, चिन्हित असुरक्षित आवासों में रहने वाले अलग-अलग श्रेणी के वैध आवासधारियों को चरणबद्ध तरीके से दूसरे वैकल्पिक आवास आवंटित किए गए हैं। उन्हें कई बार इन आवासों में शिफ्ट होने के लिए कहा गया है।
प्रबंधन ने बताया कि सार्वजनिक नोटिस के साथ-साथ व्यक्तिगत नोटिस जारी कर भी आवासधारियों से सुरक्षा के मद्देनजर वैकल्पिक आवासों में जाने का आग्रह किया गया था। हालांकि, अभी तक अपेक्षित संख्या में लोग वैकल्पिक आवासों में शिफ्ट नहीं हुए हैं।
शिफ्टिंग से पहले वैकल्पिक आवासों की मरम्मत
BSL ने कहा कि आवासधारियों को आवंटित किए जा रहे वैकल्पिक आवासों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जा रही है। आवश्यक मरम्मत पूरी होने के बाद ही संबंधित आवास को आवासधारी को हैंडओवर किया जा रहा है।
प्रबंधन के अनुसार, कई नव-आवंटित आवासों की मरम्मत पूरी हो चुकी है और वे हैंडओवर के लिए तैयार हैं।
संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील
BSL प्रबंधन ने सभी प्रभावित आवासधारियों से उचित फोरम पर संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए वैकल्पिक आवासों में यथासंभव जल्द शिफ्ट होने का आग्रह किया गया है।
प्रबंधन का कहना है कि किसी अधिकारी के आवास का घेराव करने के बजाय संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।


