Sahebganj News: गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के पार, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा बाढ़ का पानी

साहिबगंज: साहिबगंज में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और अब रेलवे के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। महाराजपुर रेलवे स्टेशन के पास झुंझरी पुल, पोल संख्या 219/32 के पास गंगा का तेज कटाव रेलवे लाइन के बेहद करीब पहुंच गया है। गंगा और रेलवे लाइन के बीच की दूरी अब महज 10 से 15 मीटर बची है।
स्थिति को भांपते हुए मालदा रेल मंडल ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम बोल्डर, गिट्टी और मोरम डालकर कटाव को रोकने में युद्धस्तर पर जुटी है। सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन पर सभी ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। केवल अप लाइन से ही ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है।
रेल परिचालन बाधित होने का सबसे ज्यादा असर भागलपुर-साहिबगंज रूट पर पड़ा है। ट्रैक के नीचे से मिट्टी खिसकने की आशंका के चलते इस रूट की कई ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है, कई ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। रेलवे अधिकारी मौके पर कैंप कर पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गौरतलब है कि साहिबगंज में गंगा का जलस्तर 27.25 मीटर के खतरे के निशान को तोड़कर 28.70 मीटर से ऊपर पहुंच गया, जो पिछले कई सालों का रिकॉर्ड है। वहीं जिले के दियारा क्षेत्र में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।


