Koderma News: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन स्थल से कंप्रेसर ट्रैक्टर जब्त

कोडरमा: जिले के वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मेघातरी-सुगी जंगल स्थित माइंस क्षेत्र में छापेमारी कर उत्खनन कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे कंप्रेसर लगे एक ट्रैक्टर को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के रेंजर को सूचना मिली थी कि मेघातरी सुगी जंगल के माइंस क्षेत्र में कथित रूप से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम देर शाम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने उत्खनन में प्रयुक्त कंप्रेसर लगे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद जब्त वाहन को वन विभाग परिसर लाया गया। विभाग द्वारा वाहन के कागजात और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
साथ ही, कथित अवैध उत्खनन से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले में वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं अन्य अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में छत्रपति शिवाजी, दुर्गा महतो, कुंदन कुमार, गोपाल यादव समेत वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे।




