Giridih News: रितिक यादव हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी सतीश यादव समेत 2 गिरफ्तार

घटना में इस्तेमाल बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की कार जप्त
गिरिडीह। रितिक यादव उर्फ बड्डी हत्याकांड का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सतीश यादव समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की रिनॉल्ड कंपनी की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार भी जप्त की गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य प्राथमिकी और अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 24 सितंबर 2026 को करीब 11:30 बजे रात में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में एक युवक रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या की सूचना मिली थी।
इस संबंध में वादी मुसाफिर सिंह, पिता-रामलायक सिंह, निवासी राजेन्द्रनगर, थाना-मुफ्फसिल, जिला-गिरिडीह के आवेदन के आधार पर गिरिडीह मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-270/26, दिनांक 25.09.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/126(2)/115(2)/118(2)/61(2)/3(5) में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने जीतवाहन उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, गिरिडीह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। टीम को घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया।
एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान की। इसके बाद कांड के प्राथमिकी सह मुख्य अभियुक्त सतीश यादव, पिता-अरूण यादव और उसके सहयोगी अप्राथमिकी अभियुक्त अनुज कुमार यादव, पिता-सुखदेव यादव, ग्राम नावाडीह, थाना-पीरटाड़, जिला-गिरिडीह को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में सतीश यादव, पिता-अरूण यादव, ग्राम नावाडीह, थाना-पीरटाड़, जिला-गिरिडीह और अनुज कुमार यादव, पिता-सुखदेव यादव, ग्राम नावाडीह, थाना-पीरटाड़, जिला-गिरिडीह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की रिनॉल्ड कंपनी की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार जप्त की गई। इसके अलावा घटनास्थल से रूई के टुकड़ों पर उठाया गया रक्त का नमूना, बांस की तीन लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी जप्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापामारी दल में जीतबाहन उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, गिरिडीह; आबिद खान, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी, गिरिडीह; ज्ञान रंजन कुमार, पु.नि.-सह-थाना प्रभारी, मुफ्फसिल थाना; श्याम किशोर महतो, पु.नि.-सह-थाना प्रभारी, नगर थाना; जीतेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी, पीरटाड़ थाना; राजीव कुमार, थाना प्रभारी, पंचबा थाना; पु.अ.नि. विवेक कुमार माथुरी, पु.अ.नि. शैलेन्द्र कुमार, पु.अ.नि. मणिकान्त कुमार, पु.अ.नि. संजय यादव, स.अ.नि. राहुल रंजन सिंह और स.अ.नि. शिव शंकर पासवान शामिल रहे। इसके अलावा तकनीकी शाखा गिरिडीह एवं संबंधित थाना के सशस्त्र बल/चौकीदार भी छापामारी दल में शामिल थे।


