Sahibganj News: गाय को बचाने खुद मौत के मुंह में कूद गए मेघराय, चेकडैम में डूबने से दर्दनाक मौत

गाय को बचाने के लिए गहरे पानी में उतरे थे मेघराय सोरेन, ग्रामीणों के सामने हुआ हादसा
साहिबगंज: इंसान और बेजुबान के बीच रिश्ते की एक रुला देने वाली कहानी जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत बोड़बांध पंचायत के जमाल गांव से सामने आई है। अपनी गाय को बचाने के लिए चेकडैम के गहरे पानी में उतरे युवक मेघराय सोरेन की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि मेघराय की गाय सुड़ी नदी पर बने चेकडैम में चली गई थी। गहरे पानी में गाय को डूबता देख मेघराय से रहा नहीं गया। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना गाय को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन चेकडैम की अधिक गहराई और तेज बहाव ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। ग्रामीणों के सामने ही मेघराय और उनकी गाय दोनों गहरे पानी में समा गए।
हादसे के बाद जमाल गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी देर तक दोनों की तलाश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से संपर्क किया।
फिलहाल प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की टीम शव की तलाश में जुटी है। एक गाय को बचाने के लिए अपनी जान गंवा देने वाले मेघराय सोरेन की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
हिंदू धर्म रक्षा मंच करेगा परिवार की मदद
बोड़बांध पंचायत के जमाल गांव में गाय को बचाने के लिए चेकडैम में कूदकर जान गंवाने वाले मेघराय सोरेन की घटना से हिंदू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो भी मर्माहत हैं। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
बजरंगी महतो ने कहा कि मेघराय सोरेन ने एक बेजुबान गाय के लिए अपनी जान दे दी। उन्होंने इसे सनातन धर्म की अद्भुत मिसाल बताते हुए कहा कि गौ सेवा को सनातन परंपरा में विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और मेघराय के परिवार के साथ इस कठिन समय में हिंदू धर्म रक्षा मंच खड़ा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंच की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।


