Sahibganj News: रांची से 4 साल के बच्चे का अपहरण, तीनपहाड़ से सकुशल बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

बच्चे के अपहरण मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों के खिलाफ जांच जारी।
तीनपहाड़ में मिला अहम सुराग

साहिबगंज: झारखंड की राजधानी रांची रेलवे स्टेशन परिसर से चार वर्षीय मासूम के अपहरण की घटना के बाद रांची और साहिबगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिजनों में खुशी की लहर है।

घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे रांची रेलवे स्टेशन के बाहर की बताई जा रही है। बताया गया कि चार वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की सूचना राज्य के विभिन्न पुलिस थानों को भी दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए साहिबगंज के आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने रांची रेलवे स्टेशन और आसपास की दुकानों में लगे दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाता हुआ नजर आया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सेल और स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। 26 सितंबर की देर रात पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के समीप मुख्य आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए चार अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी।

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर साहिबगंज पुलिस ने तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में तत्काल छापेमारी की। पुलिस ने एक बंद घर से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसी घर से चार वर्षीय मासूम को भी सकुशल बरामद किया गया।

फिरौती और बच्चा बेचने के एंगल पर जांच

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने फिरौती और बच्चे को बेचने की बात बताई है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। मामले में संगठित बाल तस्करी गिरोह की सक्रियता, अपहरण और फिरौती समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

एसपी अमित कुमार सिंह के अनुसार, सभी पांच आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

बच्चे को देखकर छलक पड़े मां के आंसू

बच्चे के सकुशल बरामद होने की खबर मिलते ही परिजन थाने पहुंचे। मासूम को देखते ही उसकी मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने बच्चे को सकुशल बरामद करने के लिए रांची और साहिबगंज पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More