रांची के डकरा में अवैध संबंध की वजह से तीन की मौत, प्रेमी ने घर जाकर परिवार पर बोला हमला

रांची : रांची के खलारी थाना क्षेत्र के मोहननगर डकरा आवासीय कॉलोनी में अवैध संबंध के शक में तीन लोगों की हत्या कर दी गयी। घटना मंगलवार, 28 सितंबर 2021 की रात 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के रहने वाले 30 वर्षीय प्रकाश चौहान का कॉलोनी में रहने वाले सीसीएल कर्मी देव प्रसाद मेहर की पत्नी कौशल्या देवी के साथ अवैध संबंध था।

प्रकाश व कौशल्या के संबध्ंा को लेकर कौशल्या देवी व उनके पति देव प्रसाद मेहर के बीच अकसर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात भी पति-पत्नी में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। उसी दौरान नशे में धुत प्रकाश चौहान उनके घर पहुंच गया और दरवाजा खटखटाने लगा।

देव प्रसाद मेहर ने जब दरवाजा खोला तो प्रकाश चौहान ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने कौशल्या देवी के पेट में चाकू घोंप दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।

प्रकाश चौहान ने देव प्रसाद मेहर की 17 वर्षीया बेटी प्रभा की आंख पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गिर पड़ी। बहन की यह हाल देख देव प्रसाद मेहर का बेटा राहुल कुमार प्रकाश से भिड़ गया। जिसके बाद देव प्रसाद ने लाठियों से प्रकाश पर हमला बोला जिससे उसकी वहीं मौत हो गयी।

घायल देव प्रसाद मेहर व प्रभा कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां देव प्रसाद की मौत हो गयी। प्रभा कुमारी को गंभीर हाल में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More