कोरोना टीकाकरण में छोटे राज्यों का बड़ा काम, हिमाचल, सिक्किम व दादरा और नगर हवेली के काम की पीएम ने की तारीफ

नयी दिल्ली : कोरोना टीकाकरण में छोटे राज्यों ने बड़ा काम किया है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम एवं केंद्र शासित दादरा और नगर हवेली देश के ऐसे पहले प्रदेश बने जहां की 100 प्रतिशत आबादी को कोरोना की कम से कम एक डोज दे दी गयी है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम के दौरान इसका उल्लेख किया और इन राज्यों के काम की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 100 साल की सबसे बड़ी महामारी के विरुद्ध लड़ाई में हिमाचल प्रदेश चैंपियन बन कर सामने आया है। हिमाचल प्रदेश भारत का पहला राज्य बना है, जिसने अपनी पूरी आबादी को कोरोना टीके की कम से कम एक डोज लगा ली है और एक तिहाई आबादी को दूसरी डोज लगायी गयी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बाद सिक्किम, दादरा और नगर हवेली ने 100 प्रतिशत आबादी को कोरोना की पहली डोज लगाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लाहौल स्पीति जैसा दुर्गम जिला भी शत-प्रतिशत पहली डोज देने में अग्रणी रहा है। यह वह क्षेत्र है जो अटल टनल बनने से पहले महीनों-महीनों तक देश के बाकी हिस्से से कटा रहता था।


प्रधानमंत्री सोमवार को हिमाचल प्रदेश के हेल्थकेयर वर्कर एवं लाभुकों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस बात का प्रमाण है कि देश का ग्रामीण समाज किस प्रकार दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेज टीकाकरण अभियान को सशक्त कर रहा है। हिमाचल वासियों ने किसी भी अफवाह को, अपप्रचार को टिकने नहीं दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More