विधायक ढुलू महतो सहित तीन पर ठेकेदार ने दर्ज करायी रंगदारी की FIR, काम बंद करवाने का आरोप

धनबाद : बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। यह एफआइआर संवेदक रियाज कुरैशी ने बरोरा थाने में दर्ज करायी गयी है। इस शिकायत में आठ-दस अन्य अज्ञात का जिक्र है।
संवेदक रियाज कुरैशी ने दर्ज करायी गयी एफआइआर में कहा है कि टुंडू में रेलवे ब्रिज के फाउंडेशन की खुदाई और सोनारडीह से शताब्दी माइंस तक ट्रैक निर्माण को लेकर रंगदारी मांगी जा रही है। इसको लेकर पहले से ही दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि विधायक एवं उनके आपराधिक एवं असामाजिक किस्म के लोग आए दिन रंगदारी को लेकर काम में बाधा ढाल रहे हैं और काम बंद करा रहे हैं। शिकायत में ढुलू महतो के अलावा जिन आनंद महतो व रामेश्वर महतो का जिक्र है, उस पर रियाज कुरैशी ने आरोप लगाया है कि जब तक रंगदारी नहीं दोगे तबतक काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा व मशीन को आग लगा दी जाएगी और लोगों को मार कर भगा दिया जाएगा।
कतरास छाताबाद भंडारीडीह निवासी मॉडर्न इंटरप्राइजेज के मालिक रियाज कुरैशी ने एफआइआर में कहा है कि दो अगस्त को विधायक के लोगों ने काम बंद करा दिया और वहां काम कर रहे लोगों को कार्यक्षेत्र से बाहर कर दिया। मशीनों को भी हटा दिया गया। संवेदक के अनुसार, सूचना पाकर जब वे साइट पर पहुंचे तो देखा कि रामेश्वर महतो एवं आनंद महतो आठ-दस अन्य लोगों के साथ गाली-गलौज कर काम बंद करा रहे हैं। दर्ज शिकायत के अनुसार, रामेश्वर महतो व आनंद महतो सहित उनके साथ आए आठ-दस अन्य लोगों ने कहा कि जबतक रंगदारी का पैसा नहीं दोगे तब तक यहां एक इंच काम नहीं होने देंगे।
दर्ज शिकायत के अनुसार, उन लोगों ने धमकी दी कि जबरन काम किया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। इसके बाद डर से वहां काम कर रहे सारे कर्मचारी व मजदूर भाग गए। संवेदक रियाज कुरैशी ने बरोरा पुलिस ने काम करवाने के लिए सुरक्षा की गुहार लगायी है।


