झारखंड के कोडरमा में बेटी के ऑनर किलिंग मामले में चार को मौत की सजा

कोडरमा (Koderma Jharkhand News) : झारखंड के कोडरमा जिले के एक ऑनर किलिंग (Koderma Honour Killing Case) मामले में अदालत ने चार दोषियों को गुरुवार को ( 25 March 2021)फांसी की सजा सुनायी। यह मामला कोडरमा जिले के चंदवारा का है और घटना 2018 की है। युवती को उसके माता-पिता व चाचा-चाची ने इसलिए मौत के घाट उतार दिया था क्योंकि उसने अन्य जाति के युवक से प्रेम व विवाह किया था।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम रामाशंकर सिंह ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई करते हुए सोनी हत्याकांड के आरोप में मृतका के पिता चंदवारा निवासी किशुन साव, माता दुलारी देवी, चाचा सियाराम साव व चाची पार्वती देवी को फांसी की सजा सुनायी। यह मामला 25 मार्च 2018 का है और इस संबंध में चंदवारा थाना में कांड संख्या 22 बटे 18 दर्ज किया गया था।
20 वर्षीया सोनी कुमारी दूसरी जाति के युवक प्रदीप कुमार से प्रेम करती थी। दोनों राजस्थान चले गए थे और वहां शादी कर ली थी। इसके बाद लड़की के पिता किशुन साव ने दोनों को चंदवारा बुलाया और अपनी बेटी को समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही। इसके बाद उसके माता-पिता व चाचा-चाची ने मिल कर उसकी हत्या कर दी।
अदालत ने चारों आरोपियों को हत्या व साक्ष्य छिपाने के आरोप में सजा सुनायी है। अभियोजक के अनुसार, दुलारी देवी व पार्वती देवी ने लड़की के हाथों को पकड़ रखा था और उसके पैरों को पकड़ रखा था और पिता ने गला दबाकर हत्या कर दी।
जब परिवार वाले शव को खाट पर लेकर श्मशान घाट जा रहे थे तभी किसी ने गुप्त रूप से पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस ने शव को जब्त किया। पुलिस ने मौके से टांगी व केरोसिन भी बरामद किया था। पुलिस ने जांच शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद इस महीने 15 तारीख को दोषी करार दिया था और सजा सुनाने के लिए 25 मार्च की तारीख निर्धारित की थी।


