अगर तृणमूल सत्ता में लौटी तो पश्चिम बंगाल कश्मीर बन जाएगा : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी के खिलाफ नंदीग्राम से मैदान में उतारे गए भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अगर तृणमूल फिर से सत्ता में लौटी तो पश्चिम बंगाल कश्मीर बन जाएगा। उन्होंने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा कि अगर डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहीं होते तो यह देश इस्लामिल राष्ट्र बन जाता और हम सब बांग्लादेश में रहते। उन्होंने कहा कि अगर वे सत्ता में लौटे तो इस राज्य की स्थिति कश्मीर जैसी हो जाएगी।
शुभेदु अधिकारी ने कहा कि वे नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराएंगे और वापस कोलकाता भेज देंगे। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम उनके लिए चुनौती नहीं है। शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा हाइकमान का नंदीग्राम से टिकट देने के लिए आभार व्यक्त किया। बेहला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वे नंदीग्राम और पूरे पश्चिम बंगाल में कमल खिलाएंगे और ममता बनर्जी को कम से कम 50 हजार वोटों से चुनाव हराएंगे।
शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम से भाजपा के उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा शनिवार को पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने की। पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कुल 57 नाम जारी किए। शुभेंदु अधिकारी ने हाइकमान से खुले तौर पर नंदीग्राम से टिकट मांगा था। वे उसी सीट का अबतक तृणमूल कांग्रेस से प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। पर, ममता बनर्जी से मतभेद के कारण उन्होंने मंत्री, विधायक व कई दूसरे पदों से इस्तीफा दे दिया और बाद में भाजपा में शामिल हो गए।


