रिम्स में लालू प्रसाद के वार्ड के नीचे 19 कमरे सुरक्षा के नाम पर हैं खाली, सीएम उसे खुलवायें : मरांडी

रांची: भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर रिम्स में 19 कमरों के बेवजह बंद होने की ओर ध्यान खींचा है। उन्होंने लिखा है कि ये वे कमरे हैं जो राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जहां भर्ती हैं, उसके ठीक नीचे हैं। इसे सुरक्षा के नाम पर बंद रखा गया है। मरांडी ने लिखा है कि झारखंड में कोरोना से निपटने के लिए राज्य सरकार का इंतजाम नाकाफी है। झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य में हर तरफ अव्यवस्था का आलम होने की बात कही और बदइंतजामी पर गहरी चिंता भी जाहिर की है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि राज्य में इस महामारी का संक्रमण काफी तेजी से बढ़ा है। आलम यह है कि बनाए गए कोविड सेंटरों में बेड तक कम पड़ रहा है। कोरोना मरीज इस कोविड सेंटर से उस कोविड सेंटर तक भटकने-तड़पने को मजबूर हैं। बावजूद मरीजों को बेड उपलब्ध नहीं हो रहा है। क्या पुलिसकर्मी, क्या पत्रकार तो क्या वे चिकित्सक जो खुद मरीजों का इलाज करते रहे हैं, उन्हें बेड नहीं मिल पा रहा है। इससे हालात का अंदाजा व सरकार की तैयारियों का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
रिम्स में 19 कमरों को बेवजह बंद करके रखे जाने की सूचना प्राप्त हो रही है। कोरोना जैसे नाजुक मौके पर इस प्रकार की मनमानी और संवेदनहीनता समझ से परे है। मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी से हमने इस पर तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया है।@JharkhandCMO pic.twitter.com/BChZgijskR
— Babulal Marandi (@yourBabulal) July 25, 2020
वहीं, इस बीच दूसरी तरफ से जो सूचना प्राप्त हो रही है वह हैरान करने वाली है। सूचना के अनुसार रिम्स में इलाजरत लालू प्रसाद जिस फ्लोर पर भर्ती हैं उसके नीचे वाले फ्लोर पर सुरक्षा के नाम पर 19 कमरों को बेवजह बंद करके रखा गया है। सवाल है कि जहां एक तरफ एक-एक बेड के लिए इतना त्राहिमाम और घमासान मचा हुआ है, मरीज बेड के लिए परेशान हो रहे हैं और दूसरी तरफ 19 कमरों पर अनावश्यक रूप से बंद रखना समझ से परे है। इन 19 कमरों में न्यूनतम 40 मरीजों का तो इलाज हो ही सकता है। आखिर ऐसा किसके शह पर हुआ है। ऐसे में जिस प्रकार की अव्यवस्था व कुव्यवस्था है, उच्च न्यायालय की टिप्पणी व चिंता भी छोटी लग रही है। उच्च न्यायालय की समाज के लोगों के साथ अपने लोगों के भी समुचित इलाज की चिंता वाजिब है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि लालू प्रसाद स्वयं काफी संवेदनशील व्यक्ति हैं। हो सकता है कि यह सब उनके संज्ञान में नहीं हो। मरांडी ने लिखा हे कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जनता के समक्ष उत्पन्न प्राण संकट की इस घड़ी में उन्हें पता चलेगा कि कुछ लोग उनकी सुरक्षा के नाम पर ऐसी मनमानी कर रहे हैं तो वे इन चीजों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मरांडी ने पत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा है कि संभवतः यह बात आपकी जानकारी में नहीं होगी। यह लालफीताशाही और तुष्टीकरण का नतीजा हो सकता है। हम यह हम आपके संज्ञान में इसे ला रहे हैं। कम-से-कम जहां लोगों की जान बचायी जा सकती है, वहां सुरक्षा के नाम पर तो इस प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। विश्वास है, आप भी ऐसे नाजुक मौके पर इस प्रकार की मनमानी की अनदेखी नहीं करेंगे।
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस पर तत्काल संज्ञान लें और इन कमरों को अविलंब खोलकर मरीजों को उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित विभाग को दें। ताकि कोरोना जैसे भीषण आपदा में राज्य की जनता को कोई असुविधा नहीं हो।




