रांची में प्रमोशन के लड्डू से फैला कोरोना, जीपीओ सील, जानें क्या है मामला

रांची : कोरोना महामारी कई रूप में अपने पांव पसार रही है. इसका संक्रमण किसी रूप में भी हो सकता है और खाने-पीने की चीजों से भी इसका फैलाव होता है. रांची में एक सरकारी कर्मचारी ने अपने प्रमोशन की खुशी में लड्डू क्या बांटा सबको कोरोना का न्यौता दे दिया. दो लोग लड्डू खाने के बाद संक्रमित हो गए और एहतियात के तौर पर कार्यालय को सील करना पड़ा.
यह वाकया है रांची जीपीओ यानी मुख्य डाकघर का. वहां एक ग्रामीण डाक सेवक को प्रमोशन मिला और वह डाकिया बन गया. वह हाल में ही रामगढ से एक शादी में शामिल होकर रांची आया था. इसके बाद डाकिया की खुशी व उत्साह का ठिकाना नहीं रहा और उसने कोरोना काल में भी सबका मुंह मीठा करवाने की सोच के साथ ले लड्डू बांटा, उसके लड्डू खाने के बाद अब सबको स्वास्थ्य की चिंता सता रही है.
यहां डाक पदाधिकारी व डाकिया की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आयी है. दूसरों को कोरोना का भय सता रहा है. डिस्पैच विभाग को सील कर दिया गया है. डाक पदाधिकारी को रांची के रिम्स कोविड 19 अस्पताल में जबकि डाकिया को रामगढ के कोविड19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शादी पार्टी का खाना खाकर कई लोग इन दिनों कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं. इसलिए बाहर के खुले व ठंडे खाद्य पदार्थ को खाने में सतर्कता बेहद जरूरी है.


