दिल्ली में कोरोना का कहर : शाह-केजरी की मीटिंग में रेलवे कोच में 8000 Covid19 बेड बनाने का फैसला

दिल्ली के लिए अमित शाह के बड़े एलान 

नयी दिल्ली : दिल्ली में कोरोना के बढते मामलों के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में अमित शाह ने केंद्रशासित प्रदेश को आश्वस्त किया कि अगले कुछ दिनों में कोविद19 की जांच दिल्ली में दोगुणी कर दी जाएगी और छह दिनों में इसे तीन गुणा कर दिया जाएगा. इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन एवं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी शामिल हुए.

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि कोविद19 का दिल्ली में संक्रमण रोका जाएगा. उन्होंने कहा कि आज कि बैठक में दिल्ली में संक्रमण को रोकने के लिए कुछ अहम निर्णय लिए गए हैं.


गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए बेड की कमी को देखते हुए मंत्री सरकार ने निर्णय लिया है कि केंद्र तुरंत 500 रेलवे कोच दिल्ली सरकार को देगा. उन्होंने कहा कि इन कोच में आठ हजार बेड की सुविधा तो उपलब्ध होगी ही साथ ही कोविद19 से लड़ने के लिए तमाम सुविधाएं होंगी.

दिल्ली में छोटे अस्पतालों तक कोरोना की सही जानकारी, दिशा निर्देश देने के लिए मोदी सरकार ने एम्स में टेलिफोनिक गाइडेंस के लिए वरिष्ठ डाॅक्टरों की एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया है. इससे नीचे तक सर्वश्रेष्ठ प्रणालियों का संचार किया जा सकेगा. इसका हेल्पलाइन नंबर कल जारी किया जाएगा.

कोरोना संक्रमण से अपनी जान गंवाने वाले लोगों के लिए सरकार दुखी है और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील है. सरकार ने अंतिम संस्कार के लिए नयी गाइडलाइंस जारी करने का निर्णय लिया है, जिससे अंतिम संस्कार की प्रतीक्षा अवधि कम हो सकेगी.

कन्टेनमेंट जोन में कांटेक्ट मैपिंग अच्छे से हो इसके लिए घर-घर जाकर हर व्यक्ति का व्यापक स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा. इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में आ जाएगी. साथ ही अच्छे से मानिटरिंग हो इसके लिए वहां हर व्यक्ति के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करवाया जाएगा.

कोरोना से लड़ाई में कई स्वयंसेवी संस्थाएं बहुत अच्छा काम कर रही हैं. इस क्रम में सरकार ने स्काउट एंड गाइड, एनसीसी, एनएसस व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को इस महामारी में स्वास्थ्य सेवाओं में वालंटियर के नाते जोड़ने का निर्णय लिया है.


केंद्र सरकार ने दिल्ली में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए और इसके खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ने के लिए पांच वरिष्ठ अधिकारी देने का निर्णय लिया है.

भारत सरकार ने दिल्ली सरकार को इस महामारी से लड़ने के लिए आवश्यक संसाधन जैसे आॅक्सीजन सिलिंडर, वेंटीलेटर, पल्स आॅक्सीमीटर व अन्य सभी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आश्वस्त किया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More