कोरोना के बाद चीन में आया हंता वायरस, एक की मौत, जानिए कितना घातक है यह नया वायरस

बीजिंग : चीन में उत्पन्न हुए कोरोना वायरस से पूरी दुनिया त्राहिमाम कर रही है. दुनिया भर में हजारों लोग इससे मर चुके हैं. लाखों लोग इससे पीड़ित हैं. इस बीच चीन में एक नए किस्म के हंता वायरस ने दस्तक दे दी है. चीन के युन्नान प्रांत में एक व्यक्ति की सोमवार को हंता वायरस से मौत हुई है और इसका खुलासा आज हुआ है. वह व्यक्ति काम करने के लिए बस से शाडोंग प्रांत लौट रहा था और उसमें हंता पाॅजिटिव पाया गया था.

इस घटना के बाद उस बस में सवार 32 अन्य लोगों की भी जांच की गयी है. चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने इस घटना की जानकारी दी है. अब लोग ट्विटर पर यह चिंता प्रकट कर रहे हैं कि यह वायरस भी कोरोना की तरह वैश्विक महामारी का कारण न बन जाए.

हालांकि एक्सपर्ट का यह मानना है कि यह वायरस कोरोना की तरह घातक नहीं है. यह चूहे या गिलहरी के संपर्क में इंसान के आने से फैलता है. सेंटर फाॅर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार, चूहों के घर के अंदर व बाहर आने-जाने से इस बीमारी के संक्रमण का खतरा रहता है. कोई स्वस्थ व्यक्ति अगर हंता वायरस के संपर्क में आता है तो उसके संक्रमित होने का खतरा रहता है.

हंता वायरस एक आदमी से दूसरे में नहीं जाता. पर, यदि कोई व्यक्त् िचूहों के मल, पेशाब आदि छूने के बाद अपनी आंख, नाक या मुंह को छूता है तो उसके संक्रमित होने का खतरा बढ जाता है.

इस बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति को बुखार, सिर दर्द, शरीर में दर्द, पेट में दर्द, डायरिया व उल्टी आदि होती है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More