#5baje5minute मोदी द ग्रेट कम्युनिकेटर, पांच नहीं 15 मिनट का शोर, बिना चवन्नी खर्च किए देश हो गया जागरूक

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ग्रेट कम्युनिकेटर हैं. यह बात तो उनके विरोधी भी मानते हैं. प्रधानमंत्री ने कोराना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए janta curfew का आहवान किया और वह 100 प्रतिशत सफल रहा. स्वतः स्फूर्त बंद का ऐसा नजारा शायद ही पहले कभी दिखा हो. उन्होंने 22 तारीख को शाम पांच बजे पांच मिनट के लिए थाली, बरतन, टीन या कुछ और बजाने की देशवासियों से अपील की थी ताकि कोरोना वायरस से लड़ रहे स्वास्थ्य कर्मियों व इससे जुड़ी ड्यूटी में तैनात अन्य लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया जाए. महानगरों से लेकर छोटे शहरों, कस्बों में लोग अपने घर के सामने, आंगन में व छत पर आकर आज बरतन, टीन, झाल, शंख आदि बजाते नजर आए.


प्रधानमंत्री ने जब तीन दिन पहले देश को संबोधित करते हुए इस संबंध में अपील की थी कि तो उनका मजाक भी उड़ाया गया था और लोगों ने कहा कि क्या इससे कोरोना भाग जाएगा.

आज थाली बजाने के कार्यक्रम के बाद इसका सबसे पहले कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने स्वागत किया और ट्विटर पर लिखा कि कोरोना वायरस से लड़ रहे देश के हेल्थ कर्मियों का धन्यवाद करने के लिए देशवासियों को दिल से साधुवाद. उन्होंने इसके साथ भी सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ नयी मांग रखने का भी आह्वान किया.


प्रधानमंत्री की अपील पर केंद्र सरकार के मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी ऐसा करते दिखे. हालांकि अबतक जो तसवीरें व वीडियो आयी हैं, वह अधिकतर सत्ताधारी दल भाजपा के ही हैं. लेकिन, जनता ने जो किया वह मोदी के अपनी बात को संचारित करने का कौशल है.


नरेंद्र मोदी एक शानदार वक्ता हैं और उनकी अपिलिंग भी जोरदार है. उनकी अपील पर बिना चवन्नी खर्च किए अगर दूर-दराज के गांव के लोग जागरूक हो गए तो यह असाधारण बात नहीं है. सरकार को कोराना के लिए करोड़ों का विज्ञापन नहीं देना पड़ा. बस अपील से देश साथ खड़ा हो गया. यह भी एक अच्छी एक अहम बात है कि पूरी दुनिया कोरोना से लड़ रही है, लेकिन शायद भारत इकलौता देश है, जहां की सवा अरब जनता ने एक साथ एक अपील पर एक समय में जागरूकता का शंखनाद कर दिया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More