बेमौसम बरसात से कई एकड़ में लगी फसल हुई बर्बाद, अधिकारियों ने किया नुकसान का आकलन

पलामू: हाल ही में हुए बेमौसम बरसात के कारण किसानों को काफी नुकसानों का सामना करना पड़ा है। इसी क्रम में जिले के सेमरवार पंचायत के अंतर्गत लालबरी मौजा में ग्यारह एकड़ में लगी गेहूं की फसल बेमौसम बरसात में स्वाहा हो गयी। फसल को हुए नुकसान की लिखित जानकारी किसान उरेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, अनिल सिंह, अमित सिंह एवं अन्य ने अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराया।
जिसपर संज्ञान लेते हुए अंचल के राजस्व उप-निरीक्षक प्रगति प्रकाश और बीएओ सरजुन राम ने स्थलीय जांच की। जांच के दौरान बीएओ ने बताया कि किसानों के आवेदन के आलोक में फसलों की क्षति का आकलन किया गया। इस जांच की प्रतिवेदन को प्रखंड और अंचल से जिले के सम्बंधित अधिकारियों को भेजी जायेगी। निरीक्षण करने आए अधिकारियों के साथ मौके पर कई किसान उपस्थित रहे।


