19 फरवरी को होगी राम मंदिर ट्रस्ट की पहली बैठक, मंदिर निर्माण की तारीख पर लग सकती है मुहर

नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट की पहली बैठक 19 फरवरी को दिल्ली में होगी। बैठक में नए सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। इसके अलावा यह भी दावा किया जा रहा है कि इस बैठक में राम मंदिर में नींव डालने की तारीख का भी ऐलान हो सकता है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य होंगे। इनमें 9 स्थायी और 6 नामित सदस्य होंगे। ट्रस्ट के गठन के बाद केंद्र सरकार की ओर से 1 रूपए का दान मिला, जिसे ट्रस्ट को मिला पहला दान बताया जा रहा है। सरकार की ओर से यह दान गृह मंत्रालय में अवर सचिव डी. मुर्मू ने दिया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट अचल संपत्ति सहित बिना किसी शर्त के किसी भी व्यक्ति से किसी भी रूप में दान ले सकता है।
ट्रस्ट के कुछ सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। इसमें सुप्रीम कोर्ट में रामलला विराजमान का केस देखनेवाले सीनियर एडवोकेट केशवन अय्यंगार परासरण, जगतगुरु शंकराचार्य, जगतगुरु माधवानंद स्वामी, युगपुरुष परमानंद जी महाराज के नाम शामिल हैं। इसके अलावा पुणे के गोविंद देव गिरि, अयोध्या के डॉक्टर अनिल मिश्रा, कामेश्वर चौपाल और निर्मोही अखाड़ा के धीरेंद्र दास भी ट्रस्ट के सदस्यों में होंगे।
ट्रस्ट का अस्थायी कार्यालय ट्रस्ट वरिष्ठ अधिवक्ता के परासरण के आवास में होगा, एवं ट्रस्ट का पंजीकृत कार्यालय दिल्ली में होगा। आपको बता दें कि केन्द्रीय सरकार द्वारा गठित ट्रस्ट के पास मंदिर के निर्माण एवं इससे जुड़े अन्य निर्णय लेने का पूरा अधिकार होगा।


