कोर्ट ने दिया मुंबई पुलिस को कंगना पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश

समृद्ध डेस्क : 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत के बाद अधिक चर्चा में आई अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) पर लगातार मुश्किलों का साया मंडरा रहा है. किसी ना किसी रूप में परेशानी उनके सामने आ खड़ी हो रही है.
दरअसल बांद्रा के मजिस्ट्रेट कोर्ट (Magistrate Court) ने मुंबई पुलिस को अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल पर सांप्रदायिक भावनाएं (Communal Feelings) भड़काने के आरोप में केस दर्ज कराने का आदेश दिया है.जानकारी के अनुसार कंगना के खिलाफ याचिका दायर की गई थी. यह याचिका फिटनेस ट्रेनर मुन्नवर अली सैयद ने कंगना और उनकी बहन के खिलाफ दायर की थी. मुन्नवर अली ने याचिका दायर (Petition filed) कर कंगना और उनकी बहन पर ट्विटर और इंटरव्यू के माध्यम से सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया था.
इसके साथ ही याचिकाकर्ता (Petitioner) ने कंगना पर सोशल मीडिया के माध्यम से बॉलीवुड को बदनाम करने और कलाकारों के बीच धार्मिक मतभेद पैदा करने का भी आरोप लगाया था. वहीं याचिका में कंगना द्वारा मुंबई को पीओके (POK) कहने वाले बयान का भी उल्लेख किया था. इन सभी आरोपों पर याचिकाकर्ता ने पुलिस जांच की मांग की थी.
याचिका पर सुनवाई करते हुए मेट्रोपॉलिटयन मजिस्ट्रेट जयदेव खुले (Metropolitan Magistrate Jayadev Khule) ने कहा कि यह मामला पहली नजर में ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने का लग रहा है. इसलिए इस मामले में विशेषज्ञों की जांच की आवश्यकता है. इसके बाद मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मुंबई पुलिस को कंगना और उनकी बहन के खिलाफ एफआईआर (First Information Report) दर्ज कराने का आदेश दिया.

 

बता दें आज सुबह ही कंगना रनौत ने पेरिस की घटना को लेकर अपने टि्वटर हैंडल पर ट्वीट किया है कि “हिंदुओं की जिंदगी मायने नहीं रखती है पश्चिमी देश द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 5-6 मिलियन यहूदियों के नरसंहार पर आज भी फिल्में बना रहे हैं. इसलिए यह घटना दोबारा नहीं हुई. हमें नहीं पता कि सैकड़ों वर्ष की गुलामी में कितने हिंदुओं का नरसंहार हुआ है. यह आंकड़ा द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यहूदियों के नरसंहार से 100 गुना भी हो सकता है”.

कंगना रनौत ने अपने ट्विटर हैंडल पर नवरात्रि सेलिब्रेशन की अपनी तस्वीरें साझा की. जिसमें उन्होंने तंज़ कस्ते हुए लिखा कि, “कौन-कौन नवरात्रि का व्रत रख रहा है? आज के नवरात्रि उत्सव में क्लिक की गयीं तस्वीरें, मैं भी व्रत कर रही हूं। इस बीच मेरे ऊपर एक और एफआईआर हो गई है। महाराष्ट्र में पप्पू सेना को मेरे अलावा कुछ दिख नहीं रहा है। मुझे ज्यादा याद मत करो, मैं वहां जल्द आऊंगी।”

बता दें इससे पूर्व केंद्रीय कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को लेकर ट्वीट के लिए कर्नाटक के तुमकूरू जिले की एक अदालत ने कंगना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया था. वहीं कंगना के इस ट्वीट पर देशभर के किसान संगठनों ने भी कड़ी आलोचना की थी.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More