मलेशिया में फंसे लोकनाथ महतो ने प्रवासी ग्रुप के माध्यम से वतन वापसी की लगायी गुहार

गिरिडीह : मलेशिया में फंसे लोकनाथ महतो ने प्रवासी ग्रुप के एडमिन सिकन्दर अली के माध्यम से वतन वापसी के लिए मदद की गुहार लगायी है. एक वर्ष पूर्व सरिया प्रखंड क्षेत्र के लुतियानो निवासी बाबूलाल महतो के पुत्र लोकनाथ महतो मलेशिया रोजगार के लिए गए थे, जहां वो कंपनी की गलत नीतियों के कारण फंसे हुए हैं. अब वह घर आने की कोशिश कर रहे हैं, किंतु ऐसा हो नहीं पा रहा है. कहा जा रहा है कि उनके पास जुर्माना भरने के लिए पैसे नहीं होने की वजह से वे नहीं आ पा रहे हैं.
लोकनाथ महतो ने बताया है कि फिलहाल वे मलेशिया स्थित दूतावास में हैं, लेकिन दो महीने की अवधि पूरी होने से एंबेसी वाले उन्हें प्रताड़ित कर रहें हैं और वहां से उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा है कि उन्हें फिलहाल कोई रास्ता नहीं दिख रहा है.
उन्होंने इसके लिए स्थानीय विधायक विनोद कुमार सिंह से भी गुहार लगायी, लेकिन कोई समाधान नहीं होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बगोदर थाना क्षेत्र के माहुरी के रहने वाले उमेश महतो के माध्यम से दो जनवरी 2019 को वे मलेशिया गए थे. तीन महीने तक काम करने के बाद वेतन नहीं मिलने के कारण उन्होंने घर लौटने की इच्छा जाहिर की तो कंपनी वाले लोगों ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया. जब उन्हें जान का खतरा महसूस होने लगा तो उन्होंने कंपनी छोड़ दी.
किसी तरह कंपनी से भाग कर दूसरे जगह छिप-छिप कर काम कर रहे थे कर काम कर रहे थे. लोकनाथ के परिजनों का मानें तो उन्हें 35 हजार रुपए प्रति माह दिलाने का झांसा देकर विदेश ले जाया गया पर वहां मात्र नो हजार रुपए भारतीय मुद्रा दी जा रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया तो कंपनी वालों ने पासपोर्ट, वीजा जब्त कर लिया और धमकी दी. इससे परेशान होकर वो दूसरी जगह पहुंचकर छिपकर रह रह रहे थे, लेकिन पिछले दो महीने से वे मलेशिया एंबेसी में हैं. उनका कहना है कि जुर्माना नहीं देने की वजह से यहाँ से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है.
यह पहला मौका नहीं है जब दलालों के चक्कर में पड़ कर गरीब तबक़े के लोग विदेशों में फंस जाते हैं. पूर्व में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिसमें दलाल द्वारा मजदूरों को ज्यादा रुपए कमाने का लालच देकर मलेशिया समेत अन्य कई देश भेजा जाता है और वे विदेश जाकर फंस जाते हैं. लोकनाथ महतो के पुत्र पंकज कुमार (11 वर्ष), पुत्री निशा कुमारी (नौ वर्ष), पुत्री रिया कुमारी(पांच वर्ष) व पुत्र विशाल कुमार भी अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. उनके परिजन विभिन्न जगहों पर उनके सकुशल वतन वापसी की गुहार लगा रहे हैं.


