सुप्रीम कोर्ट निर्भया केस के दोषी के क्यूरेटिव पिटिशन पर 14 को करेगा सुनवाई

 

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट निर्भया कांड के दोषी के क्यूरेटिव पिटिशन पर सुनवाई को तैयार हो गया है. इसके लिए 14 जनवरी की तारीख तय की गयी है. मालूम हो कि निचली अदालत से निर्भया के चार दोषियों के खिलाफ डेथ वारंट जारी हो चुका है और इसके लिए 22 जनवरी की तारीख और सुबह सात बजे का वक्त मुकर्रर किया गया है. निचली अदालत के इस फैसले के बाद दो दोषियों ने अलग-अलग क्यूरेटिव पिटिशन दायर की है. जिन दो दोषियों ने क्यूरेटिव पिटिशन दायर की है, उनके नाम विनय शर्मा एवं मुकेश हैं. इन्हें अन्य दो दोषी पवन व अक्षय के साथ ही 22 जनवरी को सुबह सात बजे फांसी दिया जाना तय हुआ है.

सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की बेंच क्यूरेटिव पिटिशन पर सुनवाई करेगी. इसमें जस्टिस एनवी रमन्ना, अरुण मिश्रा, आरएफ नरिमन, आर बानुमति और अशोक भूषण शामिल हैं. ये विनय शर्मा एवं मुकेश के क्यूरेटिव पिटिशन पर सुनवाई करेंगे.

निर्भया मामला 16 दिसंबर 2012 का है, जब चलती बस पर रात में एक पारा मेडिकल की छात्रा के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी थी और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद सिंगापुर में इलाज के दौरान 23 साल की उस लड़की की मौत हो गयी. इस वाकये ने महिला सुरक्षा पर देश भर में अभूतपूर्व रूप से तीखी बहस छेड़ दी.

क्यूरेटिव पिटिशन किसी सजायाफ्ता के लिए न्यायिक बचाव का अंतिम रास्ता होता है. यह राष्ट्रपति के पास दया याचिका लगाने से ठीक पहले दाखिल किया जाता है, जिनके पास फांसी की सजा को उम्रकैद में बदलने का अधिकार होता है.

निचली अदालत ने दोषियों का डेथ वारंट जारी करने के साथ 14 दिन का वक्त उन्हें अपील के लिए दिया था.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More