नक्सलियों को बड़ा झटका
गिरिडीह: शुक्रवार को पुलिस ने नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेरते हुए रणविजय व कृष्णा हांसदा दस्ता के कुख्यात माओवादी धुमा उर्फ राजेश को डेटोनेटर,पोस्टर व बैनर क साथ धर दबोचा है। एसडीपीओ नीरज सिंह ने इस बाबत मीडिया को बताया कि धुमा को निमियाघाट थाना क्षेत्र के माकन चेचरिया गांव से पकड़ा गया है। इस बाबत थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुवार को माकन चेचरिया में प्रतिबंधित माओवादी कृष्णा हांसदा एवं रणविज महतो का दस्ता पहुंचा है। शहीद सप्ताह के दौरान ये किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। खबरे यह भी थी कि ये स्थापना दिवस को लेकर सरकारी नीतियों का विरोध करने हेतु पोस्टर लगा रहे हैं। फौरन एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने एक टीम गठित की, जिसमें निमियाघाट थाना प्रभारी व डुमरी थाना प्रभारी के अलावा सीआरपीएफ के जवानों को भी शामिल किया गया। इस टीम ने माकन चेचरिया गांव में छापा मारा। इसी क्रम में उग्रवादी धुमा सोरेन उर्फ राजेश गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि पकड़ाये उग्रवादी के खिलाफ पीरटांड थाना में 5 और निमियाघाट थाने में दो मामले दर्ज हैं। वह पीरटांड के दूबेडी का निवासी है। पुलिस की मानें तो पुछताछ के क्रम में उसने कई कांडो में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है व इससे आगे की पूछताछ की जा रही है।