रांची: कांके विधानसभा के बुढ़मू में आहूत महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि गांवों की महिलाएं एकजुट हुई हैं व घर-समाज बदलने की उनमें बेचैनी भी है। वक्त आ गया है नारी शक्ति का अहसास कराने का। इसलिए अब बदल दीजिए सारे मायने व तोड़ डालिए पुराने सभी मिथक। महिला समूहों का सम्मान सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता है। श्री महतो ने कहा कि अब बुढ़मू का विकास आपके हाथों होगा। कहा कि सामाजिक तौर पर आपकी एकजुटता व बदलाव की कोशिशें राजनीति में भी असर करेगी। आपको आत्मनिर्भर बनाने और सशक्त करने के लिए हम हर प्रयास करते रहेंगे। श्री महतो ने कहा कि प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां बहुत हैं, लेकिन जिसका इरादा नेक होगा, वही आगे बढ़ेगा। और जिसके हौसले होंगे, वही घर-गांव, समाज क्षेत्र की तस्वीर बदलेगा।
कहा कि कुछ साल पहले तक परिवारों-गांवों और खास कर पुरूष प्रधान समाज में महिलाओं की भागीदारी और अहमियत किस रूप में था, यह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन सात साल पहले हमने सरकार में रहकर संजीवनी योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत आज हजारों महिलाएं समूह की ताकत के तौर पर उभरी हैं। चौखट से निकलकर महिला समूह का गठन हो गया। गांव- गांव में समूहों के बैंक और खाते खुल गए। अब कोई दीदी गहने गिरवी नहीं रखती। कोई दीदी बच्चों को पढ़ाने के लिए पैसे की मोहताज नहीं रहती। कोई किसी के आगे हाथ नहीं बढ़ाता। पर सफर बाकी है-घर-घर आजीविका लाने का। इसके लिए वातावरण बनाना होगा। आजीविका आपके घर तक पहुंचेगा।
उन्होंने महिला समूहों को उनकी ताकत का अहसास कराया। कहा कि आपने ही अपने गांव घर की पार्वती देवी को रांची जिला परिषद का उपाध्यक्ष के पद तक पहुंचाया है। जो बुढ़मू से निकलकर रांची जिले की 17 लाख ग्रामीण आबादी का प्रतनिधित्व कर रही है। ये पेड़ आपने ही लगाया है। इसलिए मजबूरियां पीछे छोड़कर मजबूती दिखाइए। सम्मेलन में मौजूद महिलाओं से श्री महतो ने कहा कि हमारी पॉलिटिकल प्रतिबद्धता समाज को सशक्त करने की है। इसके लिए सभी लोग मिलकर मेहनत करेंगे। इस अवसर पर मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव राजेंद्र मेहता, उपाध्यक्ष हसन अंसारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष पार्वती देवी, जिलाध्यक्ष संजय महतो, रामजीत गंझू, जिप सदस्य मुजिबुल रहमान, रीना केरकेट्टा, सरिता देवी, फूलकुमारी देवी, सुमन मुंडारी, मीणा देवी, बुढ़मू प्रमुख सुमन पाहन इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।