कोडरमा: जिले के बरियारडीह मरकच्चो मुख्य मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय के पपहरा स्थित 33/11 केवीए विद्युत पावर स्टेशन में गुरुवार की रात 13-14 नकाबपोश अपराधी पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को हथियार के बल पर कब्जे में कर वहां रखे 5 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर उसके अंदर से तांबे का क्वायल निकाल लिया और चलते बने। किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति करने को लेकर यहां हाल में पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लाया गया था।
सबस्टेशन के कर्मचारियों ने सुबह अधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद विभाग के कर्मी सुधीर कुमार सिंह व नरेंद्र सिंह ने संयुक्त रुप से थाना को आवेदन दिया। आवेदन में कहा गया है कि रात में लगभग 11 बजे नकाबपोश अपराधी पावर स्टेशन की चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और ड्यूटी पर तैनात अशोक कुमार व सीताराम यादव को हथियार के बल पर अपने कब्जे में लेते हुए उनका मोबाइल फोन भी ले लिया। हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में अपराधियों ने हाल में ही लाए गए 5 एमवीए के ट्रांसफार्मर को रॉड, सब्बल व हेक्सा ब्लेड से काटकर क्षतिग्रस्त करते हुए उसके अंदर का क्वायल निकालकर सुबह लगभग पांच बजे वहां से चले गए। क्वायल को ले जाने के लिए अपराधियों ने एक पिकअप वैन का प्रयोग किया। क्वायल की कीमत 30 लाख से भी ज्यादा बतायी जा रही है। वहीं ट्रांसफार्मर में डाला हुआ लगभग 1900 लीटर तेल भी बहा दिया। तेल की कीमत दो लाख अठारह हजार बताई गई। जानकारी मिलने पर थाना के एसआइ आरडी सिंह व एएसआइ खीरु साव दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।