बोकारो: बोकारो पुलिस ने दर्जनों लूट कांड को अंजाम देने वाले आरोपी दानिश उर्फ अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। दानिश के पास से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा, 15 कारतूस, छह मोटरसाइकिल, 77 मोबाईल, 12 टैब, तीन फिंगर स्कैनर, एक स्वाईप मशीन, 1 कैल्कुलेटर, 1 घड़ी, 1 होम थियेटर बरामद किया है। सभी की बरामदगी माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह स्थित एक घर से की गई है। जरीडीह पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है।
माना जा रहा है कि राज्य के कई जिलों में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाने वाले कुख्यात अपराधी मो. अख्तर उर्फ दानिश उर्फ समीर को गिरफ्तार कर पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है और पुलिस को इसकी काफी लंबे समय से तलाश थी। बोकारो एसपी पी मुरूगन ने पत्रकारों को बताया कि अपराधी मूल रूप से बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह का रहने वाला है। एसपी ने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ करने पर बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, रांची, रामगढ़ एवं हजारीबाग में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों की पहचान करते थे। उसके बाद सुनसान स्थान पर हथियार के बल पर लूटपाट करते थे। इसके अलावा वे अक्सर डकैती, लूट और छिनतई की घटनाओं को भी अंजाम देते थे। पुलिस की छापेमारी के कारण वह माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह मुहल्ला, डुमरो में नईम अंसारी के मकान में भाड़े पर रहता था। लूटपाट के सामान वे लोग इसी मकान में रखते थे। अभियुक्त के बयान पर पुलिस ने डुमरो स्थित मकान में छापेमारी कई सामान बरामद किये हैं।
एसपी ने बताया कि दानिश के विरूद्ध अपराध की लंबी फेहरिस्त है। बोकारो पुलिस के पास उपलब्ध रिकार्ड के अनुसार वर्ष 1999 से लगातार आपराधिक गतिविधि में ये शामिल रहा है। वर्ष 2008 से 2015 तक ये तीन बार जेल जा चुका है। इसके विरूद्ध लगभग 25 कांडों में आरोप पत्र समर्पित किया गया है। इसनमें से कई कांडों में फरार दिखाते हुए आरोप पत्र समर्पित किया गया है। वर्तमान दस मामलों में यह वांछित है। इसकी अपराध शैली लूटपाट, डकैती करने के साथ-साथ मुख्य रूप से फाइनेंस कंपनी के एजेंटों को निशाना बनाकर बड़ी रकम लूटने की रही है।
इनके अपराधिक गिरोह में बोकारो के साथ-साथ कई अन्य जिलों के अपराधी शामिल है। अभी हाल के दिनों में घटित जरीडीह थाना क्षेत्र के बाराडीह मोड़ पर माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से 42 हजार रूपए की लूट, बेरमो थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी मंदिर के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 90 हजार की लूट, गोमिया थाना के गंझूडीह से फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 01 लाख रूपए की लूट, पेटरवार थाना क्षेत्र के अंगवाली से फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 1.5 रूपए की लूट, धनबाद जिला के तोपचांची थाना क्षेत्र के गोमो टांड से 122000 रूपए की लूट, रांची के सिकीदरी थाना क्षेत्र से गेतुलसूद डैम के पास से फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 30 हजार की लूट, ओरमांझी थाना क्षेत्र के पांचा के पास बंधन बैंक के कर्मचारी रे लगभग 52000 रूपए की लूट, गिरिडीह जिला के बगोदर से बंधन बैंक कर्मचारी से 45000 रूपए की लूट सहित कई अन्य घटनाओं में यह संलिप्त है।