दोषी किसी कीमत पर नहीं बख्शे जायेंगे: भाजपा
रांची: झारखंड की सियासत का पारा माॅब लिचिंग प्रकरण को लेकर चढ़ा हुआ है। विपक्ष जहां इस मुद्दे पर सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साध रहा है, तो दूसरी ओर सत्तापक्ष यह कहते हुये कन्नी काट रहा है कि ऐसी घटनाएं पहले भी होती रही है। यह पूरा का पूरा घमासान कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत आनेवाले खरसावां इलाके में शनिवार को हुई एक युवक की कथित तौर पर पिटाई प्रकरण के बाद मचा है।
आरोपी की पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले सौंप दिया गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। युवक पर मोटरसाइकिल चुराने का आरोप लगाया गया था व घटना से जुड़ा वीडियो वायरल हो चुका है। इस प्रकरण में भाजपा का तर्क है, कि सरकार इस प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन से रिर्पोट तलब कर चुकी है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ न्याय होगा व दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में विपक्ष का निशाना सीधे मुख्यमंत्री पर है। कांग्रेस का मानना है, कि 2014 के बाद झारखंड में मॉब लिंचिंग की शुरुआत हुई है व इसके लिए प्रत्यक्ष तौर पर राज्य सरकार जिम्मेवार है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे कहते हैं, कि अगर आरोपियों को सजा नहीं होगी तो सड़क पर उतरकर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
[URIS id=9499]
इस बाबत पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए आलोक दूबे ने कहा, कि वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री के गृह जिले में 6 लोगों की मौत मॉब लिंचिंग के दौरान हुई थी, वहीं लातेहार में भी मॉब लिंचिंग की घटनाएं हुई। रामगढ़ में तो हद हो गई, जब मॉब लिंचिंग के आरोपियों को मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने सरायकेला में बजरंग दल व आरएसएस के लोगों पर उक्त घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार पूरी निर्दयी है। झारखंड मॉब लिंचिंग को लेकर लातेहार में हुई एक घटना के बाद सुर्खियों में आया था। इस दौरान लातेहार में मार्च 2016 में एक पशु व्यापारी समेत एक किशोर की कथित तौर पर हत्या कर उनकी बॉडी पेड़ से लटका दी गयी थी। घटना के बाद सरकार की देशभर में किरकिरी हुई थी। 2016 में जामताड़ा में मिनहाज अंसारी नामक युवक की पुलिस कस्टडी में कथित तौर पर मौत हुई थी, जिसकी गूंज विधानसभा में सुनाई पड़ी थी। 2017 में चार ऐसी घटनाएं पूर्वी सिंहभूम जिले में घटी। वहीं रामगढ़ में 45 साल के अलीमुद्दीन अंसारी की कथित तौर पर हत्या प्रतिबंधित मांस के ट्रांसपोर्टेशन के आरोपों के बाद कर दी गयी थी।
हिंदुओं को बदनाम करने की साजिश
भाजपा नेता व राज्य सरकार में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने सरायकेला में हुए मॉब लिंचिंग की घटना की निंदा की है। उनका कहना है कि अनियंत्रित भीड़ द्वारा किसी पर बेरहमी से हमला किये जाने के प्रकरण को मॉब लिंचिंग का नाम देने का नया ट्रेंड चल गया है। ऐसी किसी घटना पर विपक्ष इसे बीजेपी से जोड़ देती है। श्री सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर राजनीति करना सही नहीं है। वे कहते हैं कि ये हिंदुओं को बदनाम करने का देश में कुछ लोगों का एजेंडा हो गया है, जो बिल्कुल सरासर गलत है।