नल तो है पर जल नहीं: बगोदर

बगोदर से गौरव गुप्ता
पानी एक ऐसी मूल ज़रूरत  है जिसके बिना जीवन की कल्पना तक संभव नही हैं। ऐसे मे क्या शहर, क्या गांव हर टोला, मुहल्ला तक की इस भीषण गर्मी में पानी की क़िल्लत से दिन का चैन और रातों की नींद ग़ायब है। बगोदर प्रखण्ड मुख्यालय के जरमुने पश्चिमी पंचायत में भी पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। हालात यहां तक पहुंच चुकी है कि अब पानी के लिए स्थानीय लोग सड़क पर उतरने को उतारू हो रहे हैं। प्रखण्ड के जरमुने पश्चिमी पंचायत के माहुरी, जरमुने, गैडाही, सोनतुरपी, मंझिलाडीह, भुईया टोला में पानी की समस्या से लोगों में त्राही मची है। पानी के लिए हर दिन गांव मे सोलर सिस्टम के तहत लगे एक चापाकल पर लोगो की हुजूम जुटी हुई रहती है। बताते चले कि पूरे पंचायत की आबादी चार हजार से अधिक है, जिसमें 42 चापाकल हैं। उनमें 19 खराब पड़े हैं।
इसी पंचायत से जुड़ा एक है माहुरी गांव जिसकी आबादी दो हजार के आसपास है। जहां पिछले एक माह से पानी की गंभीर समस्या है। गाँव में कुल 16 चापाकल हैं, जिसमें 9 खराब है और सात चापाकल से पानी मिल रहा है। जो उतनी बड़ी आबादी के लिए बिल्कुल नाकाफी है। गांव के कुऐं भी पूरी तरह से सूख चुके हैं। अब हालात ये हैं कि मुखिया फंड से बने सोलर सिस्टम पानी टंकी से पानी लेने के लिए महिलाओं की लंबी भीड़ लगी रहती है। इस बाबत गांव की चम्पा देवी, गिरजा देवी, मासोंमात लाडो, कालिया देवी, राधिया देवी, जमीला प्रवीण, आसमां ख़ातून, सफुरन ख़ातून से हुई बातचीत से पता चला कि मार्च से ही माहुरी गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। आबादी के आधार पर चापाकलों की संख्या बहुत कम हैं। वहीं भीषण गर्मी के आगे कुऐं भी सूख चुके हैं और चापाकलों में पानी का स्तर इतना घट गया है कि चापाकल बेकार हो गए हैं। वहीं पांचयत के अंतर्गत माहुरी जरमुने, मंझिलाडीह के बीच पिपरा बांध तालाब है जो मवेशियों के प्यास बुझाने के लिए है। जब जरमुने पश्चिमी पंचायत के महज एक गांव का यह हाल है। इससे साफ पता चलता है कि अन्य गांव में पेयजल की समस्या की क्या हालत होे सकती है।
कई गांव में हुए बोरिंग, हैंडपंप के अभाव में नहीं मिल रहा है पानी
जरमुने पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष रजक ने बताया कि पंचायत के कई गांव में पानी की गंभीर समस्या है। इस बाबत एसआर के तहत किए गए चापाकल बोरिंग का कार्य तो हुआ, लेकिन इन चापाकलों में हैंडपंप नहीं लगाए जाने से पानी के लिए ग्रामीणों की समस्या वहीं की वहीं है। इसे लेकर मुखिया संतोष रजक ने पेयजल स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता को पत्र लिखकर इस पर पहल करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इन बोरिंग हुए चापाकलों में हैंडपंप नहीं लगाया जाता है तो वो पानी की मांग को लेकर सड़क पर उतरने को बाध्य हो जाएंगे|
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More