आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए खरीदा जाना है फोन
रांची: महिला, बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव अमिताभ कौशल ने कहा है कि 29,134 स्मार्ट फोन क्रय करने की निविदा (टेंडर) की प्रक्रिया चल रही है व 26 जून को ऑनलाइन रिवर्स ऑक्शन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा, कि कौन एल-1 निविदादाता है व सबसे कम कीमत (एल-1) कितनी है। इसके बाद विभाग तय करेगा कि उस निविदादाता को मोबाइल फोन की आपूर्ति के लिए कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) देना है या नहीं।
[URIS id=9499]
श्री कौशल सूचना भवन में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने एक दैनिक अखबार में बाजार से ज्यादा कीमत पर मोबाइल फोन क्रय करने से जुड़ी खबर प्रकाशित किए जाने का खंडन करते हुए कहा कि जब निविदा की प्रक्रिया पूरी ही नहीं हुई है, तो यह कैसे फैसला लिया जा सकता है, कि कौन निविदादाता और कितनी कीमत पर उसके द्वारा स्मार्ट फोन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट फोन क्रय के लिए भारत सरकार के निर्देशानुसार विभाग द्वारा जेम पोर्टल पर निविदादाताओं से निविदा मांगे गए थे व इसकी प्रक्रिया अभी चल रही हैै स्मार्ट फोन की क्रय कीमत को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया हैै।
सचिव ने बताया कि स्मार्ट फोन क्रय के लिए 9 कंपनियों ने निविदा डाले थे, तकनीकी मूल्यांकन 12 जून को हुआ तथा विभागीय मंत्री के आदेश से पुनः 21 जून को तकनीकी मूल्यांकन हुआ। इनमें से 5 निविदादाताओं के निविदा को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया। निविदादाता अब 26 जून तक ऑनलाइन रिवर्स ऑक्शन में बोली लगाएंगे। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही समिति की अनुशंसा पर विभाग अंतिम निर्णय लेगा। मौके पर समाज कल्याण के निदेशक मनोज कुमार भी मौजूद थे।