Sahibganj news: स्टेडियम की दीवारों पर उकेरी जा रही खूबसूरत पेंटिंग्स, चित्रकारी से निखर रहा परिसर

चित्रकारी से बढ़ी स्टेडियम की रौनक, कला और खेल के संगम की दिख रही झलक
साहेबगंज बरहरवा प्रखंड स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम इन दिनों नए रंग-रूप में निखर रहा है। स्टेडियम की दीवारों पर की जा रही खूबसूरत चित्रकारी ने पूरे परिसर की सुंदरता को और बढ़ा दिया है। दीवारों पर बनाई जा रही रंग-बिरंगी कलाकृतियां न केवल स्टेडियम को आकर्षक बना रही हैं, बल्कि यहां आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों को भी सकारात्मक ऊर्जा दे रही हैं। पहले जहां दीवारें सादी नजर आती थीं, वहीं अब उन पर कला और खेल के संगम की खूबसूरत झलक देखने को मिल रही है।
इस सराहनीय पहल को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से किया गया यह प्रयास बेहद सराहनीय है। स्थानीय लोगों ने कहा कि स्टेडियम की बदली हुई तस्वीर बरहरवा की सुंदरता में चार चांद लगा रही है। इससे युवाओं में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ने के साथ स्टेडियम का माहौल भी और बेहतर होगा।
खेल प्रेमियों ने इस पहल के लिए संबंधित विभाग को धन्यवाद दिया है। साथ ही लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में स्टेडियम को अन्य जरूरी सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सकें।


