प्रशासन उदासीन, नेता मौन
बगोदर: ग्रामीण जल स्वच्छता समिति द्वारा बगोदर बाजार समेत आस- पास टोले-मुहल्ले में होनेवाली पानी सप्लाई रविवार से ही ठप होने के कारण पूरे इलाके में हाहाकार मचा हुआ है। इस मामले में स्थानीय लोगों ने ऐलान किया है कि यदि पानी नही मिलेगा, तो वोट भी नहीं दिया जायेगा।
इस अभियान के तहत विक्की जयसवाल, अमित जयसवाल, बीपू जयसवाल, सुदीप गुप्ता उर्फ टूटू, मिनी जायसवाल द्वारा मिलकर विरोध करने की मुहिम चलायी जा रही है। लोगों ने मन बनाया है कि गुरुवार को सीएम की होने वाली बगोदर स्टेडियम में सभा के दौरान पानी नही तो वोट नही के नारे लगाये जायेंगे। लोगों का आरोप है कि बीते पांच दिनों से बगोदर बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई ठप है, व इसकी देख रेख करने वाले समिति के लोग मनमानी कर रहे हैं। इनका कहना है कि शुल्क बकाया का हवाला देकर इस भीषण गर्मी में कई दिन तक पानी की आपूर्ति नही की जा रही है। इनलोगों ने इस बाबत वरीय अधिकारियों की जांच की मांग की है।
ग्राम जल स्वच्छता समिति के प्रतिनिधि बबलू कुमार ने बताया कि बगोदर बाजार समेत आस- पास को सप्लाई देने वाली सप्लाई वाटर का 175 केबी का इसटेपलाइजर जल जाने के कारण पानी जलमीनार में संग्रह करने में परेशानी हो रही है।
मुखिया की पहल पर वैकल्पिक व्यवस्था:
मुखिया खुशबू देवी ने बताया कि बढ़ती पेयजल की समस्या को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर बगोदर बाजार में पानी सप्लाई के रूप में टेंकर से पानी आपूर्ति बगोदर बाजार में किया गया, लेकिन उसके बाद कोई आदेश नहीं मिलने के बाद पानी का वितरण ठप हो गया है।