Palamu News: जमुने कौशल विकास केंद्र में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, साइबर सुरक्षा और बचत का दिया संदेश

पलामू: सदर प्रखंड क्षेत्र के जमुने स्थित कौशल विकास केंद्र में शुक्रवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के बीच एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण, साइबर ठगी से बचाव, बैंकिंग सुरक्षा और बचत के महत्व की जानकारी दी।
“स्वच्छता ही सेवा 2026” से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के तहत हुई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को घर, शैक्षणिक संस्थान और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। SBI के FLC अनुकरण तिर्की ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने और CKYC अपडेट रखने की सलाह
अग्रगति के जिला समन्वयक रूपेश ठाकुर ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विद्यार्थियों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही, संदिग्ध लिंक और अज्ञात कॉल पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने खाता सुरक्षा के लिए KYC, Re-KYC और CKYC को नियमित रूप से अपडेट रखने की जानकारी दी।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और बचत पर जोर
CFL समन्वयक तरुण प्रकाश ने विद्यार्थियों को PMSBY (प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना), PMJJBY (प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना) और APY (अटल पेंशन योजना) की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
वहीं, पलामू के LDM अशोक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पॉकेट मनी से छोटी-छोटी बचत करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि APY के माध्यम से भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की नींव रखी जा सकती है। सही उम्र में लिए गए वित्तीय निर्णय और निरंतर बचत भविष्य में बड़े आर्थिक संबल का आधार बनते हैं।
कार्यक्रम में अग्रगति के जिला समन्वयक रूपेश ठाकुर, पलामू LDM अशोक श्रीवास्तव, SBI FLC अनुकरण तिर्की तथा अग्रगति CFL Coordinator तरुण प्रकाश सहित केंद्र के कई विद्यार्थी एवं प्रशिक्षक उपस्थित थे।


