श्री श्री विश्वविद्यालय में नुआखाई भेटघाट उत्सव, दिखी पश्चिमी ओड़िशा की संस्कृति

कटक/रांची: ओड़िशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय की ओर से भव्य समारोह के साथ नुआखाई भेटघाट उत्सव का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के हेरिटेज क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिमी ओडिशा की समृद्ध परंपरा, संगीत, कला एवं पारंपरिक खानपान की सुंदर झलक देखने को मिली।
मां समलेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संबलपुरी पंचवाद्य, गायिका पुष्पराज सुना एवं नूपुर मल्लिक की संगीत प्रस्तुतियों तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा संबलपुरी हथकरघा एवं पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक ने दर्शकों का मन मोह लिया। दोपहर के भोजन में अतिथियों एवं विद्यार्थियों को पश्चिमी ओडिशा के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
पश्चिमी ओडिशा के कलाकार प्रताप साहू ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, प्रसिद्ध कलाकार प्रथम कुंभार एवं विकास गोसाईं ने लोकप्रिय संबलपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रायोजकों के योगदान को सराहा गया। साथ ही, उत्सव से जुड़े कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित भी किया गया।
उत्सव के अंतिम चरण में जेआरएम बावा एवं उनकी टीम के हेलियम, सिक्सटी, एपिक्सटर, सेलेक्सटर तथा सोहम बीट्स की जोशपूर्ण संगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थी कल्याण विभाग के डीन प्रोफेसर जयप्रकाश भट्ट, फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पार्थसारथी मिश्र, फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर की विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. सीमा त्रिपाठी तथा विश्वविद्यालय के मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष बसंत कुमार पंडा उपस्थित रहे। इस सत्र का संचालन अन्वेषा मिश्रा एवं रोशनी ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष आदेश गोयल, कुलपति प्रोफेसर डॉ. तेजप्रताप तथा कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य जी ने आयोजन समिति के सदस्यों को धन्यवाद दिया।


