सिमडेगा में 28-29 अक्टूबर को बारिश और वज्रपात का अलर्ट, तेज हवाएं चलने की आशंका

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, खराब मौसम में सतर्क रहने की प्रशासन ने की अपील

सिमडेगा : जिले में आगामी 28 एवं 29 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, सिमडेगा सहित झारखंड के दक्षिणी एवं आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ तेज गति से हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से ही राज्य के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर को दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य भागों में भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्टूबर को पश्चिमी एवं आसपास के दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

खराब मौसम में बरतें सावधानी

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए उपायुक्त कंचन सिंह ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों, विद्युत ट्रांसफॉर्मरों तथा जलाशयों के आसपास जाने या खड़े रहने से बचें। तेज हवा, बिजली चमकने, गर्जन और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।

किसानों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। साथ ही मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More