हेमन्त सोरेन ने फूलो झानो आशीर्वाद योजना की लाभुकों से किया सीधा संवाद

रांची: झारखण्ड में हड़िया दारू बेचने वाली महिलाओं को सम्मान का कार्य से जोडने के लिये राज्य सरकार द्वारा फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत अभियान चलाकर महिलाओं को जगरूक किया जा रहा साथ ही उन्हें नये व्यवसाय से जोड़ने के लिये लोन भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं।

इसी के तहत आजीविका उपलब्धता कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में किया गया। जहाँ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा हड़िया  दारू निर्माण और बिक्री का कार्य छोड़ सम्मानजनक आजीविका के साधनों से जुड़ी महिलाओं के साथ सीधा संवाद किया।

 

 

हेमन्त सोरेन ने महिलाओं से संवाद के क्रम में कहा कि झारखण्ड की जिन वीरांगनाओं फूलो झानो के नाम पर योजना की शुरूआत की गई आज उसका सार्थक परिणाम सामने आने लगा है। गरीबी और मजबूरी में हड़िया शराब निर्माण और बिक्री के कार्य से जुड़ी महिलाओं ने योजना का लाभ लिया और अपने आत्मविश्वास के बदौलत बदलाव की कहानी गढ़ने लगीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा गाय पालन, मुर्गी पालन, खेती समेत अन्य व्यवसाय में सरकार महिलाओं का साथ देगी। उन्होंने कहा स्कूली बच्चों को सप्ताह में छह दिन अंडा भोजन में देने का प्रावधान किया गया है। राज्य की महिलाएं मुर्गी पालन कर अंडा का उत्पादन करें। राज्य सरकार सभी अंडा उनसे खरीद लेगी। इस तरह अन्य उत्पाद जैसे सब्जी, अनाज और पत्ते की थाली का भी निर्माण महिलाएं करें। जीसे सरकार द्वारा खरीदा जायेगा।

मुख्यमंत्री ने संक्रमण काल में सखी मंडल की दीदियों के बेहतरीन और साहस से भरा कार्य की सराहना की उन्होंने कहा कि सरकार को किसान, महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का विकास करना है। जब तक इनका विकास नहीं होगा, राज्य के विकास की परिकल्पना व्यर्थ है।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री आलमगीर आलम ने बताय़ा कि फूलो झानो अभियान के तहत महिलाओं को ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि उन्हें सम्मानजनक आजीविका का साधन मिल सके। महिलाओं को जेएसएलपीएस से जोड़ कर लाभान्वित करने का कार्य भी किया जा रहा है। 25 लाख लाभुकों को सरकार की विभिन्न बीमा से जोड़ा गया। 30 लाख लाभुकों को जोडने के लक्ष्य के साथ सरकार काम कर रही है, जिसे जल्द प्राप्त कर लिया जाएगा।

दीदी हेल्पलाइन कॉल सेंटर का हुआ शुभारंभ

इस अवसर पर हेमन्त सोरेन ने दीदी हेल्पलाइन कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। इस हेल्पलाइन के टॉल फ्री नंबर 18004190400 एवं 18004197400 पर कॉल के जरिए जेएसएलपीएस द्वार संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली जा सकती है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More