संजय कृष्ण की दो किताबें प्रभात प्रकाशन में लोकार्पित

सैयद शहरोज़ क़मर
इतिहास बकवास जब होता है, जब वो जड़ हो जाए। ठहरा हुआ इतिहास आपको कोई दिशा नहीं दे सकता। जबकि इतिहास की चिंता होनी चाहिए कि वो भविष्य संवारे। इटली के चिंतक क्रोचे ने कितनी सही बात कही थी। उनका कहना था कि इतिहास समकालीन होता है, हम किसी के भी बारे में जब बता रहे होते हैं तो अपने नज़रिए से ही उसका इतिहास गढ़ रहे होते हैं। यही भाव इतिहास बोध है, बाकी जड़ है। संजय कृष्ण इतिहासकार नहीं हैं। एक पत्रकार हैं। जिन्हें अपनी परंपरा, इतिहास और पुरखों से प्रेम है।
खोज- खोज कर वे ऐसी सामग्री झाड़ पोछकर सामने लाते हैं, जिनपर विडंबनाओं की गर्द जमी रहती है। उनका श्रम साध्य निहितार्थ समकाल से उसका परिचय कराना होता है। उनकी आज ऐसी ही दो पुस्तकाकार मेहनत का लोकार्पण प्रभात प्रकाशन के रांची में हुआ। झारखंड के 50 क्रांतिकारी तथा परमवीर अल्बर्ट एक्का। प्रभात से ही छपी ये दोनों किताबें अपने कंटेंट में अनूठी हैं।
झारखंड का मूल तेवर ही अनीति के विरुद्ध प्रतिकार का रहा है, अनगिनत सूरमाओं ने इसे अपने संघर्षों से सिद्ध भी किया है। यूं तो अनगिनत शूरवीर हुए। लेकिन पहली किताब इस मायने में अलग है कि इसमें संजय ने उन अनाम वीरों से रूबरू कराया है, जिनके बारे में जानकारी नहीं मिलती। वहीं परमवीर अल्बर्ट एक्का पर केंद्रित दूसरी पुस्तक हिंदी में संभवत: पहला प्रयोजन है।
वरिष्ठ साहित्यकार डा. अशोक प्रियदर्शी की अध्यक्षता में संगोष्ठी परवान चढ़ी। उन्होंने कहा कि बेहतर दुनिया बनाने में इतिहास सहायक होता है। इस अर्थ में संजय कृष्ण का प्रयास सार्थक है। उनकी किताबें अनाम शूरवीरों की गाथा से हिंदी के बड़े संसार का परिचय कराती हैं। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई परम वीर अल्बर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का की उपस्थिति ने। वे विशेषकर गुमला से आए। उनके संस्मारात्मक वक्तव्य ने फिजा भावुक कर दी। इनके अलावा पांच और क्रांतिकारियों के वंशजों ने भी मार्मिक संस्करण साझा किए।
झारखंड के इतिहास पर बारीक दृष्टि रखने वाले कथाकार राकेश कुमार सिंह ने मुख्य वक्तव्य में इन किताबों की समकालीन महत्ता पर बल दिया। इसे बेहद जरूरी पुस्तक बताया। दूरदर्शन केंद्र रांची के पूर्व निदेशक पीके झा और इतिहासकार प्रो एल एन राणा ने भी सारगर्भित बातें कहीं।
संचालन सैयद शहरोज़ क़मर ने की। धन्यवाद ज्ञापन प्रभात प्रकाशन रांची के मैनेजर राजेश शर्मा ने किया। मौके पर पंकज मित्रा, रोशल लाल भाटिया, विनोद कुमार, प्रवीण परिमल, हिमकर श्याम, नरेश बंका, एमजेड खान, डॉ आशुतोष, घनश्याम, अनिता रश्मि, रश्मि शर्मा, सत्यकृति शर्मा, डॉली कुजारा, नवीन मिश्र, अजय सिंह, मनोज लाल, रवि दत्त, प्रवीरनाथ लाल शाहदेव, प्रदीप सिंह समेत ढेरों प्रमुख लोग मौजूद थे।


