साहिबगंज के 6 एथलीट राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दम

साहिबगंज: खेल के मैदान में साहिबगंज जिले ने एक बार फिर अपनी चमक बिखेरी है। जिले के छह युवा एथलीटों का चयन 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स अंडर-17 चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें ये खिलाड़ी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित सभी खिलाड़ी सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु हैं। यह केंद्र राजस्थान इंटर विद्यालय और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
इन खिलाड़ियों का चयन रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में 3 और 4 अक्टूबर को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित खेलो झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में सामू मरांडी (400 मीटर हर्डल्स), संतोष मुर्मू (ट्रिपल जंप), जमादार केरई (ऊंची कूद), जमशेद अंसारी (5000 मीटर पैदल चाल), पृथ्वी राज मंडल (जेवलिन थ्रो) और सानू कुमार यादव (डिस्कस थ्रो एवं जेवलिन थ्रो) शामिल हैं।
जिले के लिए गौरव का पल : कोच
केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव ने बताया कि अंडर-17 वर्ग में एक साथ छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। ये सभी खिलाड़ी पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं, इसलिए इस बार भी उनसे पदक की उम्मीद है। सभी खिलाड़ी रांची के रास्ते शिवपुरी के लिए रवाना हो चुके हैं।
वरीय अधिकारियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर जिले में हर्ष का माहौल है। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, एपीओ शबनम तबस्सुम और राजस्थान इंटर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ओम प्रकाश गुप्ता सहित तमाम अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


