Sahibganj News: स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत रेलवे स्टेशन पर तेज हुआ सफाई अभियान

साहिबगंज: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा 2026 और विशेष अभियान 6.0 के तहत साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम तेज कर दिया गया है। अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने प्लेटफॉर्म, रेल ट्रैक, प्रतीक्षालय और स्टेशन परिसर में व्यापक सफाई की। इसका उद्देश्य स्टेशन को स्वच्छ, स्वस्थ और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
अभियान के दौरान यात्रियों को कचरा नहीं फैलाने, डस्टबिन का इस्तेमाल करने और स्टेशन परिसर को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया। स्वच्छ भारत से संबंधित पोस्टर और नारे लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मालदा मंडल रेलवे परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और रेल परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने में अपना योगदान दें।


