Sahibganj News: राधानगर में बड़ी चोरी, बंद घर से 25 लाख नकद और 12 भर सोना ले उड़े चोर

साहिबगंज: उधवा प्रखंड अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के बड़ा आकुनबन्ना गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 25 लाख रुपये नकद और करीब 12 भर सोने के आभूषण चोरी कर लिए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित अब्दुल शेख ने राधानगर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
25 लाख नकद और सोने के जेवर गायब
अब्दुल शेख ने बताया कि 6 नवंबर की रात करीब 3:30 बजे जब वह नमाज पढ़ने के लिए उठे तो घर के एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और लकड़ी की अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखे 25 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण गायब थे। उन्होंने बताया कि चोरी हुई रकम उन्होंने पिछले 10 वर्षों में खेती-बाड़ी कर कड़ी मेहनत से जमा की थी।
घटना के समय अब्दुल शेख घर के बाहर दुकान के पास बने एक छोटे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घर के अंदर दूसरे कमरे में सोई हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस कर रही जांच, लगातार वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश
राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
इधर, इस बड़ी चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ महीनों में बंद मकानों, किराना दुकानों, ज्वेलरी शॉप, सरकारी स्कूलों से लेकर बाइक और मोबाइल चोरी की दर्जनों घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रांची ज्वेलरी कांड और तिरुपति से 200 स्मार्टफोन चोरी जैसे मामलों के तार भी इस क्षेत्र से जुड़ने के बाद यहां अंतरराज्यीय चोर गिरोहों की सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील इलाकों और बाजारों में रात्रि गश्ती तेज करने तथा पुराने अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाकर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम करना जरूरी है।


