Sahebganj News: छठ से पहले राजमहल में घाटों का निरीक्षण, विधायक ताजुद्दीन ने दिए सुरक्षा के निर्देश

साहिबगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर राजमहल में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन ने राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और नगर पंचायत कर्मियों के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पहुंच मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।
विधायक ताजुद्दीन ने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और नगर पंचायत के साथ समन्वय बनाकर हर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। खतरनाक और असुरक्षित घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ गुड्डू, वार्ड पार्षद किशन बर्मन, झामुमो नगर अध्यक्ष मो. आजाद, स्मित चौरसिया, विजय यादव, राजीव बर्मन सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

