Sahebganj News: दस दिनों से जारी गणेश महोत्सव का अनंत चतुर्दशी के दिन होगा समापन

साहिबगंज: जिले में भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी के पावन पर्व अनंत चतुर्दशी को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बार अनंत पूजा 25 सितंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। खास बात यह है कि इसी दिन 10 दिनों से चल रहे गणेश महोत्सव का समापन भी होगा। पंडित गजेंद्र शास्त्री ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार चतुर्दशी तिथि 24 सितंबर की रात 11:18 बजे से शुरू होकर शुक्रवार की रात 11:06 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के कारण व्रत, पूजन और विसर्जन आज ही मान्य होगा। उन्होंने बताया कि पूजा का समय सुबह 6:11 बजे से रात 11:06 बजे तक है। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:48 से 12:37 बजे तक रहेगा और गोधूलि मुहूर्त (विसर्जन के लिए उत्तम) शाम 6:14 से 6:38 बजे तक है।
अनंत चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के अनंत (अंतहीन) स्वरूप, माता यमुना और शेषनाग की पूजा का विधान है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखकर 14 गांठ वाला अनंत सूत्र धारण करने से जीवन के सभी संकट दूर होते हैं। ये 14 गांठें 14 लोकों की प्रतीक हैं। पुरुष दाहिने हाथ और महिलाएं बाएं हाथ में इसे बांधती हैं। गुरुवार शाम हल्की बारिश के बावजूद आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा। चौक बाजार, जिरवाबाड़ी, फाटक, स्टेशन रोड सहित अन्य बाजारों में दोपहर से ही चहल-पहल दिखी। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अनंत भगवान के लिए प्रसाद, फल, फूल, मिठाई, पंजीरी और अनंत सूत्र की जमकर खरीदारी की।

